सिरहासार चौक में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने जताया विरोध, चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार पर साधा निशाना
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई और चीनी की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में सिरहासार चौक में एकदिवसीय “चीनी सत्याग्रह” आंदोलन किया।

इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बढ़ती महंगाई पर तत्काल नियंत्रण की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आवश्यक खाद्य वस्तुओं की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम जनता के घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि चीनी जैसी रोजमर्रा की आवश्यक वस्तु की बढ़ती कीमतों का सीधा असर आम परिवारों की रसोई पर पड़ रहा है।
“चीनी सत्याग्रह” के माध्यम से कांग्रेस ने भाजपा सरकार से महंगाई पर नियंत्रण करने और आम जनता को राहत देने की मांग उठाई।
आंदोलन के दौरान कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।






