जगदलपुर विधानसभा में 200 लाख की विकास सौगात, मातागुड़ी-देवगुड़ी व मंदिरों का होगा उन्नयन, आमागुड़ा चौक और धरमपुरा में बनेगा भव्य स्वागत द्वार, विधायक किरण देव ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और लता उसेंडी का जताया आभार

जगदलपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण देव के प्रयासों से जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र में धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास को लेकर बड़ी सौगात मिली है। बस्तर विकास प्राधिकरण की ओर से विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न मातागुड़ी, देवगुड़ी एवं मंदिरों के उन्नयन तथा विकास कार्यों के लिए कुल 200 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है

इस स्वीकृति के तहत शहर के आमागुड़ा चौक एवं धरमपुरा में 20-20 लाख रुपये की लागत से भव्य स्वागत द्वार का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही नगरनार, दरभा एवं नानगुर मंडल सहित नगर निगम क्षेत्र में विभिन्न मातागुड़ी, देवगुड़ी एवं मंदिरों के उन्नयन एवं विकास कार्य कराए जाएंगे।

विधायक किरण देव ने बताया कि क्षेत्र की जनता की मांग और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए मातागुड़ी, देवगुड़ी एवं मंदिरों के विकास के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लता उसेंडी से मांग की गई थी। मांग को गंभीरता से लेते हुए प्राधिकरण से विकास कार्यों के लिए राशि स्वीकृत की गई है।

किरण देव ने कहा कि बस्तर की मातागुड़ी, देवगुड़ी और मंदिर केवल धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि हमारी आस्था, परंपरा और भावनात्मक जुड़ाव के केंद्र हैं। क्षेत्र के लोगों की इन स्थलों के प्रति गहरी आस्था है। इसलिए जनभावनाओं के अनुरूप इनके संरक्षण, उन्नयन और विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र में जनता की लंबे समय से चली आ रही मांगों को पूरा करने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर नगर निगम क्षेत्र तक विभिन्न विकास कार्यों को गति दी जा रही है।

इसे भी पढ़िए -   नियमित स्कूल आने वाले विद्यार्थियों को किया प्रोत्साहित, प्रतिभाशाली छात्रा की शिक्षा का जिम्मा उठाया

200 लाख रुपये की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्र की जनता एवं भक्तजनों में हर्ष का माहौल है। विधायक किरण देव ने इस विकास कार्य के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लता उसेंडी का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है और जनहित से जुड़ी मांगों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जा रहा है।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *