झाडेश्वर महादेव मंदिर में घुसकर पुजारी से मारपीट का आरोप, धार्मिक संगठनों में आक्रोश; दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

जगदलपुर। शहर के साईं मंदिर के समीप स्थित झाडेश्वर महादेव मंदिर परिसर में सोमवार को कथित रूप से कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा जबरन प्रवेश कर मंदिर के पुजारी के साथ मारपीट एवं हंगामा किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद मंदिर परिसर में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय नागरिक तथा विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।

जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आरोप है कि कुछ लोगों ने मंदिर परिसर में जबरन प्रवेश कर पूजा-अर्चना के दौरान व्यवधान उत्पन्न किया तथा मंदिर के पुजारी के साथ मारपीट की। प्रेस विज्ञप्ति में यह भी दावा किया गया है कि मंदिर में सेवा देने वाली महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की की गई। घटना को धार्मिक आस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर हमला बताते हुए संबंधित संगठनों ने इसे अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया है।

धार्मिक संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर घटना में शामिल सभी आरोपियों की शीघ्र पहचान की जाए तथा उनके विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की मांग भी उठाई गई है।

घटना की सूचना मिलते ही मंदिर परिसर में विश्व हिंदू परिषद के सह प्रांत मंत्री रवि ब्रह्मचारी, विभाग सह मंत्री श्रीनिवासन रेड्डी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जबिता मंडावी, जिला संयोजक विष्णु ठाकुर, नगर सह संयोजक अजय प्रताप सिंह, अर्जुन परिहार, पंकज मिश्रा, अनिल सिसोदिया, अंशु नाग, सूरज पटनायक, रवि टेकाम, राजू तोमर सहित बजरंग दल के अनेक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने मंदिर परिसर में पहुंचकर घटना की जानकारी ली और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग दोहराई।

इसे भी पढ़िए -   कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को दी श्रद्धांजलि, पूर्व सैनिकों ने निकाली भव्य बाइक रैली

संगठनों ने आम नागरिकों से शांति एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।नोट: यह समाचार संबंधित पक्ष द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति और लगाए गए आरोपों के आधार पर प्रकाशित किया गया है।

मामले में पुलिस जांच जारी है। प्रशासन अथवा दूसरे पक्ष का आधिकारिक बयान प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

नोट: यह समाचार संबंधित पक्ष द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति और लगाए गए आरोपों के आधार पर प्रकाशित किया गया है। मामले में पुलिस जांच जारी है। प्रशासन अथवा दूसरे पक्ष का आधिकारिक बयान प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

BMN | Bastar Mati Newsतेज़ • सटीक • विश्वसनीय

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *