जगदलपुर। स्व. सिद्धार्थ मिश्रा की स्मृति में जिला फुटबॉल संघ (डीएफए) द्वारा आयोजित डीएफए ट्रॉफी लीग कप नॉकआउट फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष राणा घोष एवं पदाधिकारियों ने श्री मौर्य का आत्मीय स्वागत किया।

प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचने पर सुशील मौर्य ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन करते हुए आज के मैच का शुभारंभ किया। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना के साथ मैदान में उतरने और अनुशासन बनाए रखने का आह्वान किया।

“फुटबॉल युवाओं में अनुशासन और टीम भावना विकसित करता है”
सुशील मौर्य ने कहा कि फुटबॉल जैसे खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्व. सिद्धार्थ मिश्रा की स्मृति में आयोजित यह प्रतियोगिता उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ शहर और जिले के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच भी प्रदान करती है।

उन्होंने कहा कि बस्तर क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता इस बात की है कि स्थानीय खिलाड़ियों को लगातार बेहतर मंच, सुविधाएं और प्रोत्साहन उपलब्ध कराया जाए। इस तरह के आयोजनों से युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है और क्षेत्र में खेलों के प्रति उत्साह भी बढ़ता है।
इस अवसर पर शांति नगर पार्षद जस्टिन भवानी, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता गौरनाथ नाग, कोषाध्यक्ष रविशंकर तिवारी, सचिव मोहसिन खान सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष राणा घोष, सचिव राजेश राव, पूरी आयोजन टीम, रेफरी, खिलाड़ियों एवं उपस्थित दर्शकों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए जिला फुटबॉल संघ की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवाओं को खेलों से जोड़ने और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए इस तरह के आयोजन निरंतर जारी रहने चाहिए।






