बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगों और मरीजों को प्लेटफॉर्म-3 से आने-जाने में हो रही परेशानी, सांसद महेश कश्यप ने दिया त्वरित पहल का भरोसा
जगदलपुर। बस्तर क्षेत्र के रेल यात्रियों की सुविधा से जुड़ी महत्वपूर्ण मांग को लेकर स्थानीय नागरिकों एवं बस्तर रेल विकास समिति के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को बस्तर सांसद महेश कश्यप से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने ट्रेन संख्या 18515 विशाखापट्टनम-जगदलपुर एक्सप्रेस का जगदलपुर रेलवे स्टेशन पर आगमन प्लेटफॉर्म नंबर-3 के स्थान पर प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर सुनिश्चित कराने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने सांसद को बताया कि उक्त ट्रेन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर आने के कारण यात्रियों को स्टेशन से बाहर निकलने के लिए सीढ़ियों और फुट ओवरब्रिज का उपयोग करना पड़ता है। इससे खासतौर पर बुजुर्गों, महिलाओं, मरीजों, दिव्यांगजनों तथा भारी सामान के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी परेशानी होती है।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि बस्तर क्षेत्र से बड़ी संख्या में मरीज बेहतर उपचार के लिए विशाखापट्टनम जाते हैं। उपचार के बाद जब वे वापस लौटते हैं, तो बीमारी अथवा शारीरिक कमजोरी की स्थिति में प्लेटफॉर्म नंबर-3 से सीढ़ियों के जरिए बाहर निकलना उनके लिए बेहद कठिन और कष्टदायक हो जाता है।
यात्रियों ने कहा कि जनहित और यात्री सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन संख्या 18515 का आगमन स्थायी रूप से प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर किया जाना चाहिए।
रेलवे के उच्च अधिकारियों से चर्चा करेंगे सांसद
सांसद महेश कश्यप ने प्रतिनिधिमंडल की मांग को गंभीरता से सुनते हुए इसे जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताया। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे इस संबंध में ईस्ट कोस्ट रेलवे के उच्च अधिकारियों एवं वाल्टेयर रेल डिवीजन के डीआरएम से चर्चा करेंगे और ट्रेन को प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर लाने के लिए हर संभव त्वरित प्रयास करेंगे।
सांसद ने कहा कि बस्तर के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। यात्रियों की सुविधा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को संबंधित रेलवे अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में बस्तर रेल विकास समिति के सदस्य एवं पार्षद व जिला उपाध्यक्ष नरसिंह राव, बी. रामेश्वर राव, नीरज उस्तान, एवी रामा राव, राजेश साव, एन. वेणुगोपाल, पी. रंगा आचार्य, अनुप सोनी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, रेल यात्री एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि सांसद महेश कश्यप की पहल से ट्रेन संख्या 18515 का प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर आगमन सुनिश्चित होगा और इससे बस्तर के हजारों रेल यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
— BMN | BASTAR MATI NEWS






