जगदलपुर। रियासत कालीन लक्ष्मी नारायण मंदिर स्थित प्राचीन भूतेश्वर महादेव की भव्य एवं दिव्य शाही पालकी यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई। भगवान भोलेनाथ की शाही पालकी के दर्शन एवं स्वागत के लिए शहरभर में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। बड़ी संख्या में सनातनी भाई-बंधु एवं श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए।

शाही पालकी यात्रा का शुभारंभ रियासत कालीन लक्ष्मी नारायण मंदिर से हुआ। भगवान भूतेश्वर महादेव की पालकी ब्राह्मणपारा, पंचपथ, गोल बाजार, मेन रोड, हाई स्कूल रोड, संजय बाजार रोड एवं दंतेश्वरी मंदिर चौक से होते हुए पुनः लक्ष्मी नारायण मंदिर पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ।

यात्रा के दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों द्वारा बाबा की शाही पालकी का भव्य स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर भगवान भूतेश्वर महादेव के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। कई स्थानों पर पटाखों के साथ आतिशबाजी कर शाही पालकी का जोरदार स्वागत किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और उत्सवमय हो उठा।

महिलाओं एवं बच्चों सहित समाज के लोगों ने श्रद्धापूर्वक भगवान भूतेश्वर महादेव के दर्शन कर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

पूरी शाही पालकी यात्रा के दौरान जगदलपुर शहर शिवभक्ति में सराबोर नजर आया। जगह-जगह हुए भव्य स्वागत, पुष्पवर्षा, आरती और आतिशबाजी ने यात्रा की भव्यता को और बढ़ा दिया।






