जगदलपुर। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की कक्षा 9वीं में प्रवेश प्रक्रिया तेज हो गई है। प्रवेश परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद अब द्वितीय चरण की काउंसलिंग आयोजित की जा रही है।

आदिवासी विकास विभाग के अनुसार पात्र छात्र-छात्राओं की सूची विभागीय पोर्टल पर जारी कर दी गई है। द्वितीय काउंसलिंग 16 अगस्त से 20 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक मेरिट सूची में आवंटित संबंधित प्रयास आवासीय विद्यालयों में होगी।
मूल दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना अनिवार्य
सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग ने बताया कि चयनित विद्यार्थियों को निर्धारित तिथि एवं समय पर मूल अभिलेखों के साथ व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना होगा। अभ्यर्थियों के लिए कक्षा 8वीं में न्यूनतम प्रथम श्रेणी यानी 60 प्रतिशत अंकों की अंकसूची और प्रधानपाठक अथवा प्राचार्य द्वारा जारी अध्ययनरत होने का सत्यापन प्रमाण पत्र आवश्यक है।
इसके अलावा जाति प्रमाण पत्र तथा लागू होने पर विशेष पिछड़ी जनजाति प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करना होगा। नक्सल पीड़ित परिवारों के बच्चों के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी प्रमाण पत्र और अल्पसंख्यक वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 10 रुपये के नॉन-ज्यूडिशियल स्टाम्प पेपर पर नोटरीकृत सत्यापन शपथ पत्र आवश्यक होगा।
विशेष श्रेणी के विद्यार्थियों को संबंधित प्रमाण पत्र देना होगा
दिव्यांग, अनाथ, विधवा या परित्यक्ता माता की संतान तथा देश सेवा एवं कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिस, अर्द्धसैनिक एवं सशस्त्र बलों के जवानों के बच्चों को संबंधित श्रेणी का वैध प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।
काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी होने और विद्यालय में प्रवेश की अंतिम पात्रता निर्धारित होने के बाद छात्र-छात्राओं को दो दिनों के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा प्रतिहस्ताक्षरित स्थानांतरण प्रमाण पत्र (TC) तथा जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी सिकलसेल जांच रिपोर्ट अनिवार्य रूप से जमा करनी होगी।
प्रवेश से संबंधित विस्तृत सूची एवं अन्य जानकारी के लिए अभ्यर्थी आदिवासी विकास विभाग की आधिकारिक वेबसाइट eklavya.cg.nic.in का अवलोकन कर सकते हैं।






