जगदलपुर, 26 जुलाई। बस्तर पुलिस ने शहर में घरों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाली एक शातिर महिला को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। कोतवाली पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से 5 मोबाइल फोन और एक लेडीज पर्स सहित करीब 1.10 लाख रुपये का चोरी का सामान बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार 22 जुलाई 2026 की सुबह पथरागुड़ा क्षेत्र निवासी एक महिला ने कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके घर से एक लेडीज पर्स और सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन चोरी हो गया है। शिकायत के बाद पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग तथा नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज से मिला अहम सुराग
जांच के दौरान पुलिस टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में एक महिला दो बच्चों के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में घरों के आसपास घूमती हुई दिखाई दी। पुलिस ने महिला की गतिविधियों पर नजर रखते हुए उसकी पहचान की और लगातार निगरानी के बाद उसे डिमरापाल अस्पताल के सामने बने शेड से हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में कबूला जुर्म
थाने में पूछताछ के दौरान महिला ने चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि चोरी किए गए मोबाइल और पर्स को उसने इंद्रावती पुल के नीचे छिपाकर रखा है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मौके से एक लेडीज पर्स और पांच मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है।
ओडिशा की रहने वाली है आरोपी
गिरफ्तार महिला की पहचान अंजली उर्फ माधुरी मोदी (32 वर्ष), निवासी तितलागढ़, जिला बलांगीर (ओडिशा) के रूप में हुई है। वह पिछले कुछ समय से डिमरापाल क्षेत्र में रह रही थी और शहर के अलग-अलग इलाकों में घरों की रेकी कर मौका मिलते ही चोरी की वारदातों को अंजाम देती थी। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके द्वारा की गई अन्य चोरी की घटनाओं की भी जानकारी जुटा रही है।
न्यायालय में पेश कर भेजा गया जेल
सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
टीआई लीलाधर राठौर के नेतृत्व में मिली सफलता
पूरी कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर की सतर्कता, त्वरित रणनीति और प्रभावी टीम समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं उप पुलिस अधीक्षक सुमित चंद्रा, उपनिरीक्षक अरुण मरकाम सहित कोतवाली पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आरोपी तक पहुंचने और चोरी का सामान बरामद करने में अहम योगदान दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
BMN: Bastar Mati News
बस्तर की हर बड़ी खबर, हर पल की सटीक जानकारी—सबसे पहले, सबसे विश्वसनीय।






