धनियालुर ग्राम पंचायत ने सात गौवंशों का किया गौदान, गौ सेवकों द्वारा चलाया जा रहा ‘गौ दान अभियान’

जगदलपुर। सावन मास के पावन अवसर पर धनियालुर ग्राम पंचायत ने गौ संरक्षण एवं सेवा की दिशा में सराहनीय पहल करते हुए सात गौवंशों का गौदान किया। ग्राम में घूमंतू अवस्था में विचरण कर रहे इन गौवंशों को ग्राम पंचायत द्वारा पिछले लगभग दो माह से कांजी हाउस में सुरक्षित रखा गया था। इनमें चार वयस्क और तीन छोटे गौवंश शामिल थे।

हैप्पी कामधेनु गौशाला के संचालक एवं गौ सेवा आयोग सदस्य दीपक पनपालिया ने बताया कि गौ सेवा एवं संरक्षण के उद्देश्य से ग्राम पंचायत द्वारा सभी सात गौवंशों का हैप्पी कामधेनु गौशाला को गौदान किया गया। यह पहल गौ सेवकों द्वारा चलाए जा रहे ‘गौ दान अभियान’ के अंतर्गत की गई है।

गौ सेवक मुन्ना कोरी ने कहा कि ग्राम पंचायत की इस पहल से गौवंशों को सुरक्षित एवं संरक्षित वातावरण मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक लोगों से गौ दान एवं गौ संरक्षण अभियान से जुड़ने की अपील की।

इस दौरान ग्राम पंचायत की सरपंच शामबती कश्यप के साथ तुलसीराम कश्यप, मनीराम कश्यप, हरिहर कश्यप, कैलाश कश्यप, टीलू पटेल एवं विजय कश्यप उपस्थित रहे। वहीं गौ सेवकों में रोहन कुमार, जशवंत जोशी एवं इन्द्र टेमरे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

इसे भी पढ़िए -   जगदलपुर में "नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प अभियान"आयोजित, युवाओं ने ली नशामुक्ति की शपथ

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *