‘मुस्कुराता बस्तर’ थीम पर जगदलपुर में विशेष कार्टून कार्यशाला, स्कूली विद्यार्थियों को मिलेगा देश के वरिष्ठ कार्टूनिस्टों का मार्गदर्शन
जगदलपुर/रायपुर, 28 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग के सहयोग से देश की प्रतिष्ठित मासिक कार्टून पत्रिका ‘कार्टून वॉच’ द्वारा जगदलपुर में स्कूली विद्यार्थियों के लिए ‘मुस्कुराता बस्तर’ थीम पर विशेष कार्टून कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच को बढ़ावा देना, कार्टून और कैरिकेचर कला का प्रशिक्षण देना तथा बस्तर की समृद्ध संस्कृति, पर्यटन और विकास की सकारात्मक छवि को कला के माध्यम से अभिव्यक्त करना है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बस्तर विकास, पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान के नए आयाम स्थापित कर रहा है। इसी सकारात्मक परिवर्तन को रेखांकित करने के उद्देश्य से आयोजित यह कार्यशाला विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाशक्ति के माध्यम से नए बस्तर की तस्वीर उकेरने का अवसर प्रदान करेगी।
कार्यशाला में कार्टून वॉच के संपादक श्री त्र्यंबक शर्मा ने बताया कि ‘मुस्कुराता बस्तर’ की थीम बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति, लोकजीवन, पर्यटन स्थलों और विकास यात्रा को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत करने पर केंद्रित है। चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा सहित अनेक सांस्कृतिक धरोहरों को कार्टून कला के माध्यम से नई अभिव्यक्ति दी जाएगी।
कार्यशाला में दिल्ली के वरिष्ठ कार्टूनिस्ट श्री माधव जोशी तथा पुणे के प्रसिद्ध कैरिकेचर कलाकार श्री शुभम जिंदे विद्यार्थियों को लाइव डेमो के माध्यम से ऑन-द-स्पॉट कार्टून और कैरिकेचर बनाने की बारीकियां सिखाएंगे। साथ ही वे कार्टून कला के सामाजिक महत्व, रचनात्मक उपयोग और रोजगार की संभावनाओं पर भी मार्गदर्शन देंगे।
इस पहल से बस्तर के उभरते युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिलेगा। साथ ही यह अभियान नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, लोक परंपराओं और प्राकृतिक धरोहरों से जोड़ते हुए बस्तर की सकारात्मक पहचान को देशभर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
BMN – Bastar Mati News






