उपभोक्ताओं से भराए गए स्मार्ट मीटर विरोधी आवेदन, बढ़ते बिजली बिल को लेकर जनता में आक्रोश : संतोष सेठिया
जगदलपुर (नगरनार)। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान एवं बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य के निर्देश पर नगरनार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा स्मार्ट मीटर लगाए जाने, बिजली बिल में बढ़ोतरी के विरोध एवं 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को पुनः बहाल करने की मांग को लेकर व्यापक जनांदोलन किया गया।

नगरनार ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संतोष सेठिया एवं ब्लॉक कांग्रेस सह प्रभारी नीतीश शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर आम उपभोक्ताओं से संवाद किया और स्मार्ट मीटर के विरोध में आवेदन भरवाए। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने अपनी समस्याएं एवं आपत्तियां दर्ज कराते हुए विरोधी आवेदन भरे। कांग्रेस ने दावा किया कि अभियान को आम जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संतोष सेठिया ने कहा कि प्रदेश की जनता पहले से ही महंगाई और आर्थिक दबाव से जूझ रही है। ऐसे समय में बिजली व्यवस्था में किए जा रहे बदलाव और बढ़ते बिजली बिलों ने आम उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय लागू 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना से लाखों परिवारों को राहत मिलती थी। भाजपा सरकार को जनहित में इस योजना को पुनः लागू करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर के नाम पर उपभोक्ताओं पर किसी भी प्रकार का अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं डाला जाना चाहिए। सरकार स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर पुनर्विचार करे, बढ़े हुए बिजली बिलों की समीक्षा करे तथा 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को तत्काल पुनः बहाल करे। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं तो आगामी दिनों में कांग्रेस द्वारा चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।
वहीं नगरनार ब्लॉक कांग्रेस सह प्रभारी नीतीश शर्मा ने महतारी वंदन योजना को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि गृहणियों को आर्थिक रूप से सशक्त करने के नाम पर किए गए वादों के अनुरूप उन्हें वास्तविक राहत नहीं मिल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर महिलाओं को ₹1000 देने की बात कही जा रही है, वहीं दूसरी ओर स्मार्ट मीटर, बिजली बिल में बढ़ोतरी और बढ़ते घरेलू खर्च के माध्यम से जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ाया जा रहा है।
नीतीश शर्मा ने कहा कि बिजली आम आदमी की मूलभूत आवश्यकता है। सरकार को बिजली के क्षेत्र में ऐसे निर्णय लेने चाहिए, जिससे गरीब, मध्यमवर्गीय परिवार, किसान, छोटे व्यापारी और आम उपभोक्ता प्रभावित न हों। कांग्रेस पार्टी जनता की समस्याओं को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी।
इस दौरान मंडल अध्यक्ष दयाराम कश्यप, अमित पांडे, लकी भारती, जागेंद्र जीराम, महादेव मंकी, नीलकंठ गोयल, अनंतराम, ईश्वर नाग, बालक गोयल, अमित नीमसार बघेल, दिलीप भारती, पंकज सोनी सहित कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।






