सावन में सांसद महेश कश्यप की शिवभक्तों को विशेष सौगात, दलपत सागर स्थित प्राचीन शिव मंदिर तक प्रत्येक सोमवार मोटरबोट की व्यवस्था

जगदलपुर, 02 अगस्त। पवित्र श्रावण माह में भगवान शिव के श्रद्धालुओं की आस्था और सुविधा को ध्यान में रखते हुए बस्तर लोकसभा सांसद महेश कश्यप के प्रयासों से जगदलपुर के ऐतिहासिक दलपत सागर के मध्य स्थित प्राचीन शिव मंदिर तक प्रत्येक सोमवार सुबह 8:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक मोटरबोट की विशेष व्यवस्था की गई है। इस पहल से अब बड़ी संख्या में श्रद्धालु सहज रूप से मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ के दर्शन एवं पूजन कर सकेंगे।

दलपत सागर छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े और ऐतिहासिक तालाबों में से एक है, जिसका निर्माण काकतीय वंश के शासक दलपत देव द्वारा कराया गया था। तालाब के मध्य स्थित प्राचीन शिव मंदिर धार्मिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। सामान्य दिनों में मंदिर तक पहुंचना कठिन होता है और अब तक महाशिवरात्रि जैसे विशेष अवसरों पर ही मोटरबोट के माध्यम से दर्शन-पूजन की सुविधा उपलब्ध रहती थी।

सांसद महेश कश्यप ने बताया कि गौ सेवकों एवं स्थानीय श्रद्धालुओं की मांग को देखते हुए सावन माह के प्रत्येक सोमवार यह विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि अधिक से अधिक शिवभक्त भगवान शिव के दर्शन कर सकें और धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागी बन सकें।

उन्होंने कहा कि श्रावण मास भगवान भोलेनाथ की आराधना का सबसे पवित्र समय माना जाता है। श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करते हुए मोटरबोट की व्यवस्था कराई गई है, जिससे दूर-दराज़ से आने वाले भक्तों को भी सुविधा मिल सके। सांसद ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए इस सुविधा का लाभ उठाएं और शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से दर्शन-पूजन करें।

इसे भी पढ़िए -   मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के विजन को रेखांकित करेगी ‘मुस्कुराता बस्तर’ कार्टून कार्यशाला

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *