जगदलपुर, 18 जुलाई 2026। जिले के शासकीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के उद्देश्य से चलाए जा रहे निरीक्षण अभियान के तहत कलेक्टर आकाश छिकारा ने शनिवार को स्वामी विवेकानंद शासकीय विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर पढ़ाई, नियमित उपस्थिति और परीक्षा तैयारियों की समीक्षा की।

कलेक्टर ने विद्यालय में पाठ्यक्रम की प्रगति, शिक्षकों की उपस्थिति और विद्यार्थियों के रिवीजन की व्यवस्था का जायजा लेते हुए निर्देश दिए कि छात्रों की तैयारी को मजबूत बनाने के लिए हर सप्ताह साप्ताहिक परीक्षा आयोजित की जाए। उन्होंने कहा कि जिन विद्यार्थियों का प्रदर्शन लगातार बेहतर रहेगा, उन्हें प्रोत्साहन स्वरूप रायपुर भ्रमण और बस्तर के प्रमुख स्थलों का शैक्षणिक भ्रमण कराया जाएगा।
संवाद के दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों को भौतिकी विषय सरल तरीके से समझाया। उन्होंने कुलॉम का नियम और किर्चॉफ का नियम जैसे विषयों को दैनिक जीवन के उदाहरणों से जोड़ते हुए समझाया कि किसी भी कठिन विषय को बार-बार अभ्यास और पुनरावृत्ति से आसानी से सीखा जा सकता है।

उन्होंने विद्यार्थियों को निसंकोच सवाल पूछने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि “कक्षा में सवाल पूछकर कुछ पल के लिए मूर्ख बनना बेहतर है, बजाय इसके कि सवाल न पूछकर जीवनभर अज्ञान में रहें।” उनके इस संदेश का विद्यार्थियों ने तालियों के साथ स्वागत किया।
कलेक्टर ने टॉर्क (Torque) की अवधारणा को भी रोजमर्रा के उदाहरणों—जैसे कंधे पर बैग टांगना, किताब पलटना और किसी वस्तु को घुमाना—से जोड़कर समझाया तथा विद्यार्थियों से विज्ञान को केवल किताबों तक सीमित न रखकर व्यवहारिक जीवन में भी समझने की अपील की।

जिला प्रशासन ने शिक्षा व्यवस्था की सतत निगरानी के लिए हर माह के तीसरे शनिवार को जिला स्तरीय अधिकारियों को चिन्हित विद्यालयों के निरीक्षण की जिम्मेदारी सौंपी है। प्रत्येक अधिकारी अपने निर्धारित विद्यालय में जाकर शिक्षकों की उपस्थिति, पाठ्यक्रम की प्रगति, परीक्षा परिणाम, अभिलेखों के संधारण और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे, ताकि जिले के शासकीय हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो सके।
📌 BMN | Bastar Mati Newsसटीक • निष्पक्ष • सबसे पहले






