आर्मी में ‘बस्तर रेजिमेंट’ गठन की मांग को मिली नई गति, गृहमंत्री विजय शर्मा के पत्र पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने दिया जवाब

नई दिल्ली/रायपुर। छत्तीसगढ़ में भारतीय सेना में ‘बस्तर रेजिमेंट’ के गठन की मांग को लेकर नई पहल सामने आई है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा द्वारा केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को भेजे गए पत्र के जवाब में रक्षा मंत्रालय ने अवगत कराया है कि इस विषय पर जांच एवं आवश्यक कार्यवाही जारी है।

गृहमंत्री विजय शर्मा ने अपने पत्र में बस्तर अंचल के युवाओं की देशभक्ति, सैन्य परंपरा और सशस्त्र बलों में उनके योगदान का उल्लेख करते हुए भारतीय सेना में बस्तर रेजिमेंट के गठन पर विचार करने का आग्रह किया था। उनका कहना था कि इससे बस्तर के युवाओं को सेना में शामिल होने के लिए अतिरिक्त प्रेरणा मिलेगी और क्षेत्र की राष्ट्रीय सुरक्षा में भागीदारी और मजबूत होगी।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की ओर से प्राप्त जवाब में कहा गया है कि इस संबंध में प्राप्त प्रस्ताव पर संबंधित स्तर पर परीक्षण (Examination) एवं आवश्यक कार्यवाही जारी है।

गौरतलब है कि बस्तर के अनेक युवा वर्षों से सेना, अर्धसैनिक बलों और सुरक्षा एजेंसियों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में बस्तर रेजिमेंट की मांग को क्षेत्र की पहचान और युवाओं के उत्साह से जोड़कर देखा जा रहा है।

अब इस मामले में रक्षा मंत्रालय की आगामी प्रक्रिया और निर्णय पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

इसे भी पढ़िए -   श्रीमद् भागवत कथा के द्वितीय दिवस उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब,ज्ञान, भक्ति और वैराग्य का संदेश लेकर भाव-विभोर हुए श्रद्धालु

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *