पारस पोर्टल से होगी योजनाओं की नियमित समीक्षा, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिए समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश

बीजापुर, 06 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंत्रालय महानदी भवन से पारस (Project Assessment, Review and Analysis System) पोर्टल के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की पहली राज्यस्तरीय समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की सभी योजनाओं का प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंच सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योजनाओं की नियमित निगरानी से शासन की कार्यप्रणाली अधिक जवाबदेह और परिणामोन्मुख बनेगी। उन्होंने अधिकारियों से यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न हो तथा आम जनता को निर्धारित समय में सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने सीएम हेल्पलाइन 1076, सेवा सेतु, एग्रीस्टैक, विकसित भारत जी-रामजी योजना, डीबीएन वित्तपोषित मोबाइल टॉवर परियोजना तथा स्कूल शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सीमांकन प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण, एग्रीस्टैक में शत-प्रतिशत किसान पंजीयन, सेवा सेतु के माध्यम से अधिकाधिक शासकीय सेवाओं को ऑनलाइन उपलब्ध कराने तथा जनशिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घोषणा की कि अब प्रत्येक माह के अंतिम मंगलवार को पारस पोर्टल के माध्यम से राज्यस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिससे सभी विभागों की योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग और प्रगति का आकलन किया जा सके।

बैठक में मुख्य सचिव विकास शील, अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद एवं राहुल भगत, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव कमलप्रीत सिंह, सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव अंकित आनंद, राजस्व विभाग की सचिव शम्मी आबिदी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

इसे भी पढ़िए -   गौ सेवकों ने हैप्पी कामधेनु गौशाला में मनाया रक्षाबंधन, गौवंश को बांधा रक्षा सूत्र

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बीजापुर कलेक्टर विश्वदीप भी बैठक में शामिल हुए और जिले में संचालित योजनाओं की प्रगति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *