ज्ञानेश्वरी यादव ने बढ़ाया प्रदेश का मान : अभिलाष यादव

दृढ़ इच्छाशक्ति, कठोर परिश्रम और अनुशासन के बल पर कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता – अभिलाष यादव

जगदलपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष अभिलाष यादव ने ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल-2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाली राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी की यह उपलब्धि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है और यह छत्तीसगढ़ की प्रतिभा, मेहनत एवं संकल्प का सम्मान है।

भाजयुमो जिला अध्यक्ष अभिलाष यादव ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव ने अपने पहले ही राष्ट्रमंडल खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक अपने नाम किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि साबित करती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, कठोर परिश्रम और अनुशासन के बल पर कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। उनकी सफलता प्रदेश के खेल इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगी और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

श्री यादव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा ज्ञानेश्वरी यादव को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि तथा आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति देने की घोषणा खिलाड़ियों के सम्मान और प्रोत्साहन का उत्कृष्ट उदाहरण है। इससे प्रदेश के युवाओं में खेलों के प्रति रुचि और उत्साह बढ़ेगा।

उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद निरंतर अभ्यास, समर्पण और अनुशासन के बल पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर सफलता अर्जित की है। उनकी उपलब्धि विशेष रूप से प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणादायी है और यह संदेश देती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो सफलता निश्चित रूप से मिलती है।

इसे भी पढ़िए -   उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा आज शाम पहुंचेंगे जगदलपुर, सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट

अभिलाष यादव ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार महिलाओं एवं युवाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध करा रही है। खेल अधोसंरचना के विकास, प्रशिक्षण सुविधाओं और खिलाड़ियों के सम्मान की दिशा में सरकार लगातार प्रभावी कदम उठा रही है, जिससे प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ज्ञानेश्वरी यादव भविष्य में भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से भारत और छत्तीसगढ़ का नाम विश्व पटल पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को पहचानना, उन्हें अवसर प्रदान करना और उनकी उपलब्धियों का सम्मान करना सरकार की खेल नीति का महत्वपूर्ण आधार है। यही प्रयास आने वाले समय में छत्तीसगढ़ को खेलों के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *