समरसता संकल्प अभियान के तहत संत शिरोमणि गुरु रविदास जी को किया नमन
जगदलपुर। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती एवं गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा संचालित समरसता संकल्प अभियान के तहत जगदलपुर में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महापौर संजय पांडे ने भाजपा पार्षददल एवं कार्यकर्ताओं के साथ 650 दीप प्रज्वलित कर संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज को श्रद्धासुमन अर्पित किए। शहर के राम मंदिर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के साथ-साथ जगदलपुर के विभिन्न मंदिरों में भी कार्यकर्ताओं द्वारा विशेष रूप से दीप प्रज्वलित कर संत रविदास जी के बताए मार्ग का स्मरण किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर संजय पांडे ने संत रविदास के प्रसिद्ध वचन “मन चंगा तो कठौती में गंगा” का उल्लेख करते हुए कहा कि यह केवल एक वाक्य नहीं, बल्कि भारतीय दर्शन का सार है। इसका अर्थ है कि यदि मन निर्मल और पवित्र है तो ईश्वर हर स्थान पर विद्यमान हैं। बाहरी आडंबर से अधिक महत्व आंतरिक पवित्रता का है। उन्होंने कहा कि संत रविदास ने ऐसे समाज की कल्पना की थी, जहाँ किसी भी प्रकार का भेदभाव न हो। उनके विचार आज भी समाज को समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश देते हैं। उन्होंने सभी से संत रविदास के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

भाजपा जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे ने कहा कि संत गुरु रविदास का संदेश सामाजिक समरसता और न्याय का उद्घोष है। आज जब देश विकसित भारत और छत्तीसगढ़ विकसित राज्य बनने की दिशा में अग्रसर है, तब संत रविदास के विचार और भी अधिक प्रासंगिक हो जाते हैं। उनका जीवन समाज में समानता, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि भाजपा का संकल्प संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने का है।
उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रदेशभर में समरसता संकल्प अभियान चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत ऋषियों, संतों एवं महापुरुषों के सामाजिक समरसता के विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी अभियान के तहत जगदलपुर में दीपोत्सव का आयोजन कर संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य सुरेश गुप्ता, लक्ष्मण झा, संग्राम सिंह राणा, पश्चिम मंडल अध्यक्ष प्रकाश झा, श्रीमती सविता गुप्ता, सूरज श्रीवास्तव, वैभव पांडेय, योगिता यादव सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।






