सीसीटीवी फुटेज बना अहम सुराग, दलपत सागर रानी घाट के पास हुई चोरी की वारदात का बस्तर पुलिस ने किया पर्दाफाश
जगदलपुर। दलपत सागर स्थित रानी घाट के पास 8 ठेलों में हुई चोरी की घटना का बस्तर पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर सराहनीय सफलता हासिल की है। इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी लीलाधर की सक्रियता, सूझबूझ और तत्परता अहम रही। पुलिस ने मामले में शामिल 6 विधि संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लेने के साथ चोरी गया सामान भी बरामद कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, 19 नवंबर 2026 की रात अज्ञात चोरों ने दलपत सागर के रानी घाट के पास स्थित 8 ठेलों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद पीड़ितों की शिकायत पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 489/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी लीलाधर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल पतासाजी शुरू की। जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। फुटेज में बिना नंबर की यामाहा FZ मोटरसाइकिल संदिग्ध रूप से दिखाई दी। पुलिस ने इसी अहम सुराग के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया और संदिग्धों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की घटना में शामिल 6 विधि संघर्षरत बालकों को महज 24 घंटे के भीतर अभिरक्षा में लिया। साथ ही चोरी गया सामान भी बरामद कर लिया गया।
थाना प्रभारी लीलाधर की सक्रियता और रणनीति आई काम
कम समय में सीसीटीवी फुटेज के जरिए संदिग्धों की पहचान करना और चोरी की गुत्थी सुलझाना थाना प्रभारी लीलाधर की सक्रियता, सूझबूझ और बेहतर पुलिसिंग को दर्शाता है। पुलिस टीम की तत्परता से घटना का शीघ्र खुलासा संभव हो सका।
ठेला संचालकों को मिली बड़ी राहत
दलपत सागर रानी घाट के पास छोटे-छोटे ठेले लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले संचालकों के लिए यह चोरी काफी चिंता का विषय बन गई थी। दिनभर मेहनत कर अपनी आजीविका चलाने वाले इन छोटे व्यापारियों को चोरी की घटना से आर्थिक नुकसान और परेशानी का सामना करना पड़ा।
ऐसे में बस्तर पुलिस द्वारा महज 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर चोरी गया सामान बरामद करना ठेला संचालकों के लिए बड़ी राहत है। थाना प्रभारी लीलाधर के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई इस त्वरित कार्रवाई की सराहना हो रही है।






