NEET पेपर लीक और राहुल गांधी की हिरासत के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, पीएम मोदी और अमित शाह का पुतला फूंका

जगदलपुर, 22 जुलाई। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में बुधवार को जगदलपुर स्थित राजीव भवन के सामने कांग्रेस, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का पुतला दहन किया तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि NEET पेपर लीक, छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को हिरासत में लिया जाना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि NEET पेपर लीक मामले ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है। उनका आरोप है कि छात्रों की आवाज उठाने पर बल प्रयोग किया गया और राहुल गांधी के साथ भी अभद्र व्यवहार कर उन्हें हिरासत में लिया गया, जिसका कांग्रेस पुरजोर विरोध करती है।

युवा कांग्रेस शहर अध्यक्ष निकेत राज झा ने कहा कि सरकार इस मुद्दे पर जवाबदेही तय करने और संसद में चर्चा से बच रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों और युवाओं की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।

बस्तर जिला एनएसयूआई अध्यक्ष विशाल खंबारी ने कहा कि NEET जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखना केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि छात्रों के शांतिपूर्ण विरोध पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुरूप नहीं है और युवाओं की मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।

इसे भी पढ़िए -   स्वाधीनता दिवस छत्तीसगढ़ को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लेने की बेला : किरण देव

प्रदर्शन में पूर्व विधायक रेखचंद जैन, ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला सहित कांग्रेस, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *