नगरनार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने हर्षोल्लास के साथ मनाया कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का जन्मदिन
किसान, मजदूर और आम जनता की समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने सरकार को दी आंदोलन की चेतावनी
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर बस्तर जिला शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुशील मौर्य के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी का ‘मिशन गांव चलो अभियान’ लगातार जारी है। अभियान के तहत बुधवार को नगरनार के माड़पाल बाजार क्षेत्र में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान चाय पर चर्चा करते हुए ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया।

ग्रामीणों ने कांग्रेस नेताओं को खेती-किसानी, सिंचाई, सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी कई समस्याओं का लंबे समय से समाधान नहीं हो पाया है, जिससे आमजन को रोजमर्रा के जीवन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बेहतर सड़क और बिजली व्यवस्था, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार तथा शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग रखी।

इस अवसर पर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी सभी मांगों और समस्याओं को संबंधित विभागों, जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के हितों की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास करेगी और आवश्यकता पड़ने पर जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष से भी पीछे नहीं हटेगी।

अभियान के दौरान नगरनार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा माड़पाल बाजार में ग्रामीणों एवं बच्चों के साथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का जन्मदिन भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके स्वस्थ, दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।सुशील मौर्य ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा किसानों, मजदूरों, गरीबों और आम जनता की आवाज बनकर उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा सरकार के कार्यकाल में ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि गांवों में किसान, मजदूर और आमजन अपनी बुनियादी जरूरतों को लेकर परेशान हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रही है।
उन्होंने कहा कि ‘मिशन गांव चलो अभियान’ का उद्देश्य गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे संवाद करना, उनकी वास्तविक समस्याओं को समझना तथा उनके अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए प्रभावी संघर्ष करना है। कांग्रेस केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि लगातार जनता के बीच रहकर उनके सुख-दुख में सहभागी बनने और उनकी आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
सुशील मौर्य ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन और राज्य सरकार द्वारा ग्रामीणों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तथा जनहित के मुद्दों की लगातार उपेक्षा जारी रही, तो कांग्रेस पार्टी जनता के साथ मिलकर चरणबद्ध आंदोलन करेगी। आवश्यकता पड़ने पर लोकतांत्रिक तरीके से उग्र प्रदर्शन कर सरकार और प्रशासन का ध्यान आम जनता की समस्याओं की ओर आकर्षित किया जाएगा।
इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष संतोष सेठिया, लेखन बघेल, रविशंकर तिवारी, अमित पांडे, बलराम कोकोडू, भोजराज नाग, राजेश कश्यप, संजय नाग, सेक्टर अध्यक्ष गंगाराम, सोहनलाल, प्रभदास नाग, शिवप्रसाद, चिगडू, गोविंदा बघेल, हीरालाल, निलाधर, सम्पत सिंह, घोनो, रायमणि नाग, विमल यादव, संजय, सुकमती कश्यप, हरिदास, बलिराम, डमरधर, मुकता, हस्ती कुहर, गुजी बेस, जगत बेस, खीरेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।





