स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों में जुटा प्रशासन, 13 अगस्त को होगी फुल ड्रेस रिहर्सलसमय-सीमा बैठक में कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने स्वास्थ्य, शिक्षा, आपदा प्रबंधन और विकास कार्यों की समीक्षा की

जगदलपुर। कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट के प्रेरणा कक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि 15 अगस्त का आयोजन गरिमापूर्ण और भव्य तरीके से किया जाए। उन्होंने बताया कि मुख्य समारोह लालबाग मैदान में आयोजित होगा तथा 13 अगस्त को सुबह 9 बजे फुल ड्रेस रिहर्सल की जाएगी। उन्होंने शासन से प्राप्त निर्देशों का उल्लेख करते हुए कहा कि 14 और 15 अगस्त को सभी प्रमुख शासकीय भवनों में आकर्षक रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं के मामलों पर विशेष ध्यान देने और शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने घर पर प्रसव के मामलों पर नाराजगी जताते हुए मैदानी अमले को अधिक सक्रिय रहने को कहा। 23 जुलाई को बकावंड के सद्भावना भवन में विशेष सिकल सेल शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया, जहां सिकल सेल जांच के साथ यूडीआईडी कार्ड, आयुष्मान कार्ड, पीएम किसान, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, श्रम कार्ड पंजीयन और राशन कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा।

कलेक्टर ने मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए प्रत्येक गुरुवार सुबह 10 बजे “10 मिनट सफाई अभियान” चलाने, चिरायु योजना के तहत सभी स्कूलों में बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा 15 अगस्त तक पात्र हितग्राहियों का एचपीवी टीकाकरण पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन एवं राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम में भी तेजी लाने पर जोर दिया।

इसे भी पढ़िए -   कुशल विवेचना और प्रभावी कार्यवाही से दुष्कर्म के आरोपियों को न्यायालय ने सुनाई कठोर सजा

ग्रामीण विकास की समीक्षा में ग्राम पंचायतों की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए गांव के तालाबों को मत्स्य पालन हेतु पट्टे पर देने, लखपति दीदी अभियान, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) तथा प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान छात्रों के आधार अपडेट, यूडाइस, जाति प्रमाणपत्र निर्माण, शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति, नवोदय विद्यालय प्रवेश और शैक्षणिक मूल्यांकन की प्रगति का भी जायजा लिया गया।

मानसून को देखते हुए कलेक्टर ने संभावित बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली और आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए तहसीलदारों को राहत केंद्र चिन्हित करने तथा खाद्यान्न का अग्रिम भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा लोक सेवा गारंटी के लंबित आवेदन, एग्रीस्टैक, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य लंबित प्रकरणों की दैनिक समीक्षा कर उनका शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री तन्मय खन्ना, अपर कलेक्टर श्री सीपी बघेल, आयुक्त नगर निगम श्री प्रवीण वर्मा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *