दशहरा मेले में खपाने के लिए घर में छिपाकर रखी थी 75 पेटी शराब, कोड़ेनार पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

मध्यप्रदेश की गोवा व्हिस्की की 3,750 बोतलें जब्त, 5.06 लाख रुपये आंकी गई कीमत


जगदलपुर। बस्तर दशहरा मेले में अवैध शराब खपाने की तैयारी कर रहे एक व्यक्ति के खिलाफ कोड़ेनार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मावलीभाटा के जहाजभाटा पारा स्थित एक मकान से 75 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है। जब्त शराब की कुल मात्रा 675 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 5 लाख 6 हजार 250 रुपये है। पुलिस ने मामले में आरोपी दुलगो कवासी (45) को गिरफ्तार किया है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मावलीभाटा के जहाजभाटा पारा निवासी दुलगो कवासी ने अपने घर के एक कमरे में दूसरे राज्य की अंग्रेजी शराब छिपाकर रखी है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के मार्गदर्शन और एसडीओपी केशलूर लक्ष्मण सिंह पोटाई के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी विजय पटेल के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

बंद कमरे में छिपाकर रखी थीं 3,750 बोतलें

पुलिस टीम ने आरोपी के घर पहुंचकर बंद कमरे की तलाशी ली। इस दौरान वहां से मध्यप्रदेश की गोवा व्हिस्की की 75 पेटियां बरामद हुईं, जिनमें कुल 3,750 बोतलें थीं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी शराब के भंडारण और बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने शराब दशहरा मेले में बिक्री के लिए लाने की बात स्वीकार की।

आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई

पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी दुलगो कवासी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 36 और 59(क) के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के लिए रवाना किया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य संबंधित आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।

इसे भी पढ़िए -   बाढ़ में बह गई थी पढ़ाई की सामग्री, अब 62 बच्चों को मिली नई उम्मीद; भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ ने बढ़ाया मदद का हाथ

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय पटेल, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक दीपक कुमार बखला, सहायक उपनिरीक्षक श्रवण कुमार कश्यप तथा आरक्षक सुरेश आचले, रोहित वेट्टी, मोहन बघेल, गोविन्द ठाकुर और मुरलीधर कश्यप सहित थाना कोड़ेनार के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *