ओबीसी महासभा की दो बड़ी मांगें, 27% आरक्षण और जनगणना में अलग कॉलम की उठाई आवाज

बस्तर और जगदलपुर में राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन, जातिवार जनगणना कराकर ओबीसी की वास्तविक जनसंख्या के आंकड़े सार्वजनिक करने की मांग


जगदलपुर। अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को 27 प्रतिशत आरक्षण का लाभ देने और राष्ट्रीय जनगणना 2027 में ओबीसी के लिए अलग कॉलम निर्धारित करने की मांग तेज हो गई है। इन मांगों को लेकर ओबीसी महासभा छत्तीसगढ़ की बस्तर जिला इकाई ने बस्तर और जगदलपुर में ज्ञापन सौंपकर केंद्र एवं राज्य सरकार का ध्यान आकर्षित किया। संगठन ने आगामी जनगणना में ओबीसी की जातिवार गणना सुनिश्चित करने और वर्ग की वास्तविक जनसंख्या के आंकड़े सामने लाने की मांग की।

बस्तर और जगदलपुर में सौंपा ज्ञापन

बस्तर में संभागीय सचिव दिलेश्वरी ठाकुर के नेतृत्व में तहसीलदार के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। वहीं, जगदलपुर में जिला अध्यक्ष रघुवंश यादव के नेतृत्व में डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर ओबीसी वर्ग की मांगों से अवगत कराया गया।

महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि जनगणना के आंकड़े सामाजिक, आर्थिक और कल्याणकारी योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में ओबीसी की वास्तविक जनसंख्या का स्पष्ट आकलन होना जरूरी है, ताकि वर्ग की आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाएं तैयार की जा सकें।

जनगणना में अलग कॉलम और जातिवार गणना की मांग

ज्ञापन में मांग की गई कि राष्ट्रीय जनगणना 2027 के प्रपत्र में अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए पृथक कॉलम निर्धारित किया जाए। इसके साथ ही जातिवार गणना के लिए राज्यवार जातियों की स्पष्ट सूची तैयार करने और डिजिटल प्रणाली में ड्रॉपडाउन विकल्प उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई।

इसे भी पढ़िए -   बस्तर दशहरा-कांटों के झूले पर सवार होंगी मां काछन देवी, बस्तर दशहरा आयोजन की देंगी अनुमति

संगठन का कहना है कि इससे जातियों के वर्गीकरण में संभावित त्रुटियों को कम करने और आंकड़ों की विश्वसनीयता बढ़ाने में मदद मिल सकती है। ओबीसी की जातिवार जनसंख्या के स्पष्ट आंकड़े सामने आने से सामाजिक और आर्थिक स्थिति का बेहतर आकलन करने में भी सहायता मिलेगी।

27 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की उठाई मांग

ओबीसी महासभा ने छत्तीसगढ़ में ओबीसी वर्ग के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की मांग भी दोहराई। संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार, ओबीसी की वास्तविक जनसंख्या के विश्वसनीय आंकड़े शिक्षा, सरकारी नौकरियों, आरक्षण और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के निर्धारण में उपयोगी साबित हो सकते हैं।

महासभा ने कहा कि जनगणना में ओबीसी की स्पष्ट पहचान और जातिवार आंकड़ों की उपलब्धता सामाजिक न्याय से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। संगठन ने संबंधित अधिकारियों से ज्ञापन को शासन तक पहुंचाने तथा मांगों पर आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।

इनकी रही उपस्थिति

ज्ञापन सौंपने के दौरान संभाग अध्यक्ष दिनेश यदु, संभाग उपाध्यक्ष तुलसी ठाकुर, संभागीय सचिव दिलेश्वरी ठाकुर एवं योगेश्वरी साहू, जिला अध्यक्ष रघुवंश यादव एवं मुन्ना लाल यादव, जिला उपाध्यक्ष गेंदालाल सोनी, जगदलपुर शहर अध्यक्ष जगमोहन यादव, ओबीसी महासभा युवा मोर्चा के सचिव मनोज ठाकुर, कमल दिवान, देवनाथ ठाकुर, जयप्रकाश पटेल, सदाशिव ठाकुर, बनमाली यादव, दशामनी, पपेश्वरी ठाकुर सहित नारायण एवं अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में सामाजिक सदस्य उपस्थित रहे।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *