रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप घोटाले में मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को लेकर रायपुर की विशेष CBI अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौरभ चंद्राकर की 8 दिन की कस्टोडियल रिमांड मंजूर कर दी है। जांच एजेंसी ने पूछताछ के लिए 10 दिनों की हिरासत मांगी थी, लेकिन अदालत ने 8 दिन की रिमांड स्वीकृत की।

अब CBI सौरभ चंद्राकर को आगे की पूछताछ के लिए दिल्ली लेकर जाएगी। वहां उससे महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के कथित अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन और इस पूरे कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका को लेकर पूछताछ की जाएगी।
ओमान से प्रत्यर्पण के बाद रायपुर कोर्ट में पेशी
करीब 6 हजार करोड़ रुपये के कथित महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप घोटाले में लंबे समय से जांच एजेंसियां सौरभ चंद्राकर की तलाश कर रही थीं। ओमान से प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद CBI उसे भारत लेकर आई। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेशी के बाद उसे दो दिन की ट्रांजिट रिमांड पर जांच एजेंसी को सौंपा गया था।
इसके बाद CBI की टीम मंगलवार को सौरभ चंद्राकर को दिल्ली से रायपुर लेकर पहुंची। बुधवार को उसे रायपुर की विशेष CBI अदालत में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पेश किया गया। सुनवाई के दौरान CBI ने विस्तृत पूछताछ के लिए 10 दिन की कस्टोडियल रिमांड की मांग रखी थी।
आरोपी पक्ष ने गिरफ्तारी की प्रक्रिया पर उठाए सवाल
अदालत में सुनवाई के दौरान सौरभ चंद्राकर के वकील तुषार गिरी ने गिरफ्तारी की वैधता पर सवाल उठाते हुए CBI की कार्रवाई का विरोध किया। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अधिकारी और वकील भी अदालत में मौजूद रहे।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने CBI को 8 दिन की कस्टोडियल रिमांड मंजूर कर दी।
पूछताछ में खुल सकते हैं महादेव सिंडिकेट के राज
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में जांच एजेंसियों का फोकस कथित सट्टा नेटवर्क के संचालन, पैसों के लेन-देन और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने पर है। अब दिल्ली में होने वाली पूछताछ के दौरान सौरभ चंद्राकर से इन सभी पहलुओं पर जानकारी जुटाई जाएगी।
करीब 6 हजार करोड़ रुपये के कथित घोटाले में सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी और 8 दिन की CBI रिमांड को जांच की दिशा में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि पूछताछ के दौरान इस कथित सिंडिकेट से जुड़े किन लोगों और आर्थिक लेन-देन की कड़ियों का खुलासा होता है।






