नशा करने से मना करने पर गाली-गलौज और मारपीट का आरोप, बोधघाट पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में किया पेश
जगदलपुर। शहर के कुम्हारपारा इलाके में नशा करने से मना करने पर एक युवक द्वारा कथित तौर पर चाकू लहराकर जान से मारने की धमकी देने और मारपीट करने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद बोधघाट पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार चाकू भी बरामद किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।

नशा करने से मना करने पर विवाद
पुलिस के मुताबिक, कुम्हारपारा निवासी कुरसो सोना ने थाना बोधघाट में शिकायत दर्ज कराई थी कि 10 सितंबर की सुबह उसके ऑटो के पीछे रोनित बघेल उर्फ खरगोश कथित तौर पर नशा कर रहा था। शिकायतकर्ता द्वारा उसे नशा करने से मना करने पर आरोपी गाली-गलौज करने लगा और कथित रूप से बांस के डंडे से मारपीट कर चोट पहुंचाई।
शिकायत के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपी ने अपने पास रखा धारदार चाकू निकालकर लहराया और शिकायतकर्ता को जान से मारने की धमकी देते हुए डराया।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने शुरू की तलाश
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बोधघाट पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपी रोनित बघेल उर्फ खरगोश (20 वर्ष), निवासी कुम्हारपारा, गुरु घासीदास वार्ड, जगदलपुर को पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार चाकू जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है।
अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनन्दन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार दत्ता धोत्रे के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में बोधघाट पुलिस टीम द्वारा की गई।






