जगदलपुर, 15 जुलाई 2026। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से मंगलवार को जगदलपुर के एक कोचिंग सेंटर में कक्षा 8वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए नशामुक्ति जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम पुलिस एवं विभिन्न विभागों के संयुक्त प्रयास तथा रोटरी क्लब के सहयोग से संपन्न हुआ।
यह अभियान पुलिस अधीक्षक श्री शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री माहेश्वर नाग के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई तथा नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।

विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य एवं परामर्श सेवाओं के लिए मानस हेल्पलाइन 1933 एवं टोल फ्री नंबर 14446 की जानकारी भी दी गई। साथ ही ऑनलाइन माध्यम से नशामुक्ति की शपथ लेने हेतु लिंक उपलब्ध कराया गया और सभी विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया गया।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी संस्थान की सुश्री मंजूषा दीदी ने सकारात्मक सोच और आध्यात्मिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक सुशांता लकड़ा, थाना प्रभारी कोतवाली लीलाधर राठौर, निरीक्षक माधुरी नायक, प्रभारी नारकोटिक्स सेल श्रीनिवास वर्मा, समाज कल्याण विभाग से सुचिता लकड़ा, स्वास्थ्य विभाग से हनी गोटलिब, शिक्षा विभाग से कमलेश, महिला एवं बाल विकास विभाग से शैलेन्द्र श्रीवास्तव, रोटरी क्लब के पदाधिकारी, कोचिंग सेंटर के संचालक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी नशामुक्त बनाने के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जागरूकता, सकारात्मक सोच और सामूहिक प्रयासों से ही स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है।






