इंद्रावती से गोरिया बहार तक खिलेगी हरियाली, 2700 से अधिक पौधों से सजेगा राष्ट्रीय राजमार्ग

‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत 10 सितंबर को होगा वृहद पौधरोपण, महापौर संजय पाण्डेय ने किया स्थल निरीक्षण

जनजातीय गौरव वाटिका के सामने होगा ‘हरित राष्ट्रीय राजमार्ग’ कार्यक्रम, महापौर ने शहरवासियों से की सहभागिता की अपील

जगदलपुर। पर्यावरण संरक्षण और जगदलपुर को स्वच्छ एवं हरित शहर बनाने के संकल्प के साथ नगर पालिक निगम जगदलपुर द्वारा ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत वृहद ‘हरित राष्ट्रीय राजमार्ग पौधरोपण कार्यक्रम’ आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम 10 सितंबर 2026, गुरुवार को सुबह 8:30 बजे जनजातीय गौरव वाटिका, कुम्हड़ाकोट के सामने आयोजित होगा।

कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे, जबकि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप, जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, चित्रकोट विधायक विनायक गोयल, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, महापौर संजय पाण्डेय, छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक सहभागिता करेंगे।

इंद्रावती से गोरिया बहार तक बदलेगा राष्ट्रीय राजमार्ग का स्वरूप

आयोजन की तैयारियों का जायजा लेने महापौर संजय पाण्डेय ने बुधवार को इंद्रावती से गोरिया बहार तक राष्ट्रीय राजमार्ग का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने पौधरोपण स्थल सहित आयोजन की तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पौधरोपण कार्यक्रम को देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग पर इंद्रावती से गोरिया बहार तक डिवाइडर का रंग-रोगन कर उसे आकर्षक रूप दिया गया है। इसी मार्ग पर वन विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और नगर पालिक निगम जगदलपुर के संयुक्त तत्वावधान में 2700 से अधिक पौधों का रोपण किया जाएगा।

इसे भी पढ़िए -   उर्वरक नियमों के उल्लंघन पर कृषि विभाग की सख्त कार्रवाई, दो मामलों में एफआईआर दर्ज

इस पहल से शहर के प्रवेश मार्ग को हरित और आकर्षक स्वरूप मिलने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

“हरित जगदलपुर हमारी प्राथमिकता” — महापौर

महापौर संजय पाण्डेय ने कहा कि “जगदलपुर का विकास केवल सड़कों, नालियों और बुनियादी सुविधाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि सुंदर, स्वच्छ और हरित शहर का निर्माण भी समग्र विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के माध्यम से हम जगदलपुर की हरित पहचान को और मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों और शहर के प्रमुख मार्गों के किनारे पौधरोपण से पर्यावरण संरक्षण के साथ शहर की सुंदरता में भी वृद्धि होगी। नगर निगम का प्रयास है कि बेहतर सड़कें, व्यवस्थित यातायात, स्वच्छ वातावरण, विकसित नागरिक सुविधाओं और पर्याप्त हरियाली का संतुलित विकास हो।

महापौर ने कहा कि “हम चाहते हैं कि आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाले वर्षों में जगदलपुर की पहचान बने। शहरवासियों की सहभागिता से ही ‘विकसित और हरित जगदलपुर’ का संकल्प साकार होगा। मैं सभी नागरिकों से अपील करता हूं कि पौधरोपण को केवल एक कार्यक्रम न मानें, बल्कि लगाए गए पौधों की देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं।

”वन विभाग एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के सहयोग से आयोजित यह अभियान जगदलपुर को हरित, स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल शहर बनाने की दिशा में नगर निगम की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *