जगदलपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभर में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर जगदलपुर के गुरु गोविंद सिंह वार्ड में भी उत्साह का माहौल है। वार्ड के पार्षद संग्राम सिंह राणा ने वार्ड के प्रत्येक घर पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने का संकल्प लेते हुए वार्डवासियों से अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की है।

पार्षद संग्राम सिंह राणा ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य नागरिकों के मन में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने वार्डवासियों सहित सभी नागरिकों से अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं कार्यस्थलों पर तिरंगा फहराकर अभियान का हिस्सा बनने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह इस अभियान से जुड़कर राष्ट्र के प्रति अपने सम्मान और गौरव को प्रदर्शित करे।
संग्राम सिंह राणा ने नागरिकों से 9 अगस्त से 17 अगस्त तक चलने वाले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है।
उन्होंने विश्वास जताया कि गुरु गोविंद सिंह वार्ड के नागरिक अभियान में उत्साहपूर्वक भागीदारी करेंगे और वार्ड के हर घर पर तिरंगा लहराकर राष्ट्रभक्ति, एकता और देशप्रेम की भावना को और मजबूत करेंगे।






