जगदलपुर, 15 जुलाई 2026। बस्तर जिले में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को अधिक प्रभावी, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में जिला पंचायत बस्तर के नवपदस्थ मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री तन्मय खन्ना ने बुरुन्दवाड़ा-सेमरा स्थित मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) सेंटर एवं मटेरियल रिकवरी सेंटर का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सीईओ श्री खन्ना ने प्लांट की संपूर्ण कार्यप्रणाली का अवलोकन किया तथा अधिकारियों से कचरा पृथक्करण (सेग्रीगेशन), रीसाइक्लिंग प्रक्रिया और अपशिष्ट पदार्थों से तैयार किए जा रहे उत्पादों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षा से जुड़े पहलुओं पर विशेष ध्यान देते हुए एमआरसी से उत्सर्जित गैस के सुरक्षित प्रबंधन को लेकर अधिकारियों एवं तकनीकी टीम के साथ चर्चा की।
साथ ही प्लांट में कार्यरत कर्मचारियों और श्रमिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यस्थल पर सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

सीईओ श्री खन्ना ने पूर्व में आगजनी से प्रभावित एमआरएफ परिसर का भी निरीक्षण किया और आवश्यक तकनीकी सुधारों तथा सुरक्षा उपायों के साथ उसे शीघ्र पुनः संचालित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

इस अवसर पर जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री वीरेन्द्र बहादुर, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के जिला समन्वयक श्री दिलीप गोस्वामी, एसडीओ (आवास) श्री अजय कुमार, यूनिसेफ के प्रतिनिधि तथा सृष्टि वेस्ट मैनेजमेंट सर्विसेज के सदस्य उपस्थित रहे।






