बस्तर के कद्दावर नेता केदार कश्यप को दी बधाई, राजनीतिक सफर में निरंतर आगे बढ़ने की कामना
जगदलपुर, 06 सितंबर। बस्तर जिला भारतीय जनता पार्टी के महामंत्री रजनीश पानीग्राही ने छत्तीसगढ़ के राजनीतिक इतिहास में सबसे लंबे समय तक कैबिनेट मंत्री रहने का रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज करने पर बस्तर के कद्दावर नेता एवं छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। उन्होंने केदार कश्यप के राजनीतिक जीवन में निरंतर सफलता और छत्तीसगढ़ के राजनीतिक क्षितिज पर उत्तरोत्तर आगे बढ़ने की मंगलकामना की।

रजनीश पानीग्राही ने कहा कि बस्तर की धरती से शुरू हुआ केदार कश्यप का राजनीतिक सफर सरकार बदलने और राजनीतिक परिस्थितियों के उतार-चढ़ाव के बावजूद लगातार आगे बढ़ता रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के तीनों कार्यकाल में केदार कश्यप लगातार 15 वर्षों तक मंत्री रहे। उस दौरान वे प्रदेश के सबसे कम उम्र के मंत्रियों में शामिल रहे। वर्तमान में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार में वे चौथी बार मंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। दोनों कार्यकालों को मिलाने पर उनका मंत्री के रूप में कार्यकाल करीब 17 वर्ष 9 महीने का हो जाता है।
उन्होंने कहा कि केदार कश्यप ने छत्तीसगढ़ की राजनीति में जो राजनीतिक पैमाना स्थापित किया है, वहां तक पहुंचना किसी भी राजनेता के लिए आसान नहीं है। इसके लिए केवल चुनाव जीतना ही पर्याप्त नहीं होता, बल्कि लगातार ढाई दशक तक बस्तर संभाग सहित पूरे छत्तीसगढ़ की राजनीति में अपनी सक्रियता, स्वीकार्यता और पकड़ बनाए रखना भी जरूरी होता है।
रजनीश पानीग्राही ने कहा कि एक दौर ऐसा था, जब मंत्री लंबे समय तक बेफिक्र होकर अपनी जिम्मेदारियां निभाते थे, लेकिन वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में कोई भी मंत्री अपनी कुर्सी को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नजर नहीं आता। ऐसे दौर में केदार कश्यप का लगातार लंबे समय तक मंत्री बने रहना उनकी राजनीतिक मजबूती और संगठन में स्वीकार्यता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के इतिहास में सबसे लंबे समय तक मंत्री रहने का यह रिकॉर्ड बस्तर संभाग में केदार कश्यप की मजबूत राजनीतिक पकड़ के साथ-साथ पूरे छत्तीसगढ़ में उनकी राजनीतिक स्वीकार्यता को भी दर्शाता है।
रजनीश पानीग्राही ने बताया कि केदार कश्यप का राजनीतिक सफर अभी भी निरंतर जारी है। इस रिकॉर्ड की दौड़ में उनके ठीक पीछे वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल का नाम आता है। डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में बृजमोहन अग्रवाल लगातार 15 वर्षों तक मंत्रिमंडल के सबसे मजबूत स्तंभों में शामिल रहे। इसके बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार में भी उन्होंने लगभग छह महीने तक मंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली। रायपुर से लोकसभा सांसद निर्वाचित होने के बाद उनका मंत्री पद का कार्यकाल समाप्त हुआ।
इस प्रकार बृजमोहन अग्रवाल का छत्तीसगढ़ में मंत्री के रूप में कुल कार्यकाल लगभग 15 वर्ष 6 महीने रहा, जबकि केदार कश्यप करीब 17 वर्ष 9 महीने के मंत्री पद के कार्यकाल के साथ इस रिकॉर्ड में सबसे आगे हैं।






