बस्तर में 15 नवंबर से शुरू होगी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, केंद्रों का बढ़ाया जाएगा दायरा

धान खरीदी की पूरी अवधि समाप्त होने के बाद ही होगा मिलरों द्वारा धान का उठाव, सुरक्षित भंडारण के लिए जिला प्रशासन ने शुरू की तैयारियां

जगदलपुर। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत बस्तर जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी आगामी 15 नवंबर से शुरू होने जा रही है। इस वर्ष धान उपार्जन व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। नई व्यवस्था के तहत धान खरीदी की पूरी समय-सीमा समाप्त होने के बाद ही राइस मिलरों द्वारा डिलीवरी ऑर्डर के माध्यम से उपार्जित धान का उठाव किया जाएगा।

इस बदलाव के चलते धान खरीदी केंद्रों में लंबे समय तक बड़ी मात्रा में धान का सुरक्षित भंडारण करना होगा। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी धान खरीदी केंद्रों का क्षेत्रफल बढ़ाने और आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की तैयारी शुरू कर दी है।

कलेक्टर के निर्देश पर तहसीलदारों को जिम्मेदारी

कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देश पर खाद्य विभाग ने जिले के सभी तहसीलदारों को आदेश जारी किया है। इसमें उन्हें अपने-अपने क्षेत्र के धान खरीदी केंद्रों और आसपास उपलब्ध स्थलों का तत्काल निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।

तहसीलदारों को प्रत्येक केंद्र के विस्तार के लिए उपलब्ध अतिरिक्त भूमि का केंद्रवार आकलन कर विस्तृत रिपोर्ट जल्द से जल्द कार्यालय में प्रस्तुत करने को कहा गया है।

किसानों की सुविधा और सुरक्षित भंडारण पर जोर

प्रशासन का उद्देश्य धान खरीदी शुरू होने से पहले केंद्रों में पर्याप्त जगह और अन्य जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करना है, ताकि उपार्जित धान का सुरक्षित भंडारण हो सके और किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

इसे भी पढ़िए -   बिजली के दाम कम करने और स्मार्ट मीटर हटाने की मांग पर कांग्रेस का चरणबद्ध आंदोलन, बस्तर पंडुम पर करोड़ों खर्च का भी उठाया सवाल

जिला प्रशासन ने उपार्जन कार्य प्रारंभ होने से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने की दिशा में कार्रवाई तेज कर दी है।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *