जगदलपुर। धनतेरस और दीपावली के त्योहार को देखते हुए जगदलपुर शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस बस्तर ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और वाहनों के दबाव को नियंत्रित करने के उद्देश्य से 6 नवंबर से 8 नवंबर 2026 तक विशेष व्यवस्था लागू रहेगी। इसके तहत शहर के अलग-अलग मार्गों से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। वहीं, जरूरत पड़ने पर कुछ प्रमुख बाजार मार्गों पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही भी प्रतिबंधित की जाएगी।

अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल
यातायात पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार शहर में आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
चावल लाइन रोड: अनुपमा चौक, आकांक्षा होटल रोड, अग्रसेन चौक, संजय मार्केट और मिताली चौक की ओर से आने वाले वाहनों के लिए।
हाथा ग्राउंड एवं बस्तर हाई स्कूल ग्राउंड: चांदनी चौक, न्यू नरेन्द्र टॉकीज, गोल बाजार, एम.एल.बी. स्कूल और संजय मार्केट की ओर से आने वाले वाहनों के लिए। बस्तर हाई स्कूल ग्राउंड जिला शिक्षा कार्यालय के सामने स्थित है।
विवेकानंद स्कूल मैदान: अनुपमा चौक, अग्रसेन चौक और गुरु गोविंद सिंह चौक की ओर से आने वाले वाहनों के लिए।
कोतवाली चौक नगर निगम अंडरग्राउंड पार्किंग एवं जेल रोड: एसबीआई चौक, बस्तर क्लब और बलीराम चौक की ओर से आने वाले वाहनों के लिए।
सुधीर जैन का बाड़ा, ठाकुर रोड: दुर्गा चौक और बलीराम चौक की ओर से आने वाले वाहनों के लिए।
प्रतापदेव वार्ड: स्टेट बैंक चौक और चांदनी चौक की ओर से आने वाले वाहनों के लिए कन्हैया बीकानेर के पास खाली मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
लालबाग मैदान: यहां लगने वाली पटाखा दुकानों में खरीदारी के लिए पहुंचने वाले ग्राहकों के वाहनों की पार्किंग मैदान के किनारे निर्धारित की गई है।
इन प्रमुख मार्गों पर लग सकता है वाहनों का प्रतिबंध
दीपावली के दौरान बाजारों में अत्यधिक भीड़ की संभावना को देखते हुए संजय मार्केट से मिताली चौक, मिताली चौक से दंतेश्वरी मंदिर तथा मिताली चौक से गोल बाजार जाने वाले मार्गों पर आवश्यकता के अनुसार दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित की जा सकती है।
ऐसी स्थिति में यातायात को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा। इसके लिए अग्रसेन चौक, न्यू नरेन्द्र टॉकीज रोड, मिताली चौक से मेन पोस्ट ऑफिस रोड, बलीराम चौक से दलपत सागर तथा गोल बाजार चौक से एमएलबी स्कूल की ओर जाने वाले मार्गों का उपयोग किया जाएगा।
सुबह 7 बजे से रात 12 बजे तक भारी वाहनों की नो एंट्री
यातायात एडवाइजरी के अनुसार 6 से 8 नवंबर तक प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात्रि 12 बजे तक शहर में भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश और निकास पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
इस दौरान जगदलपुर से सुकमा और दंतेवाड़ा की ओर जाने वाले भारी वाहनों को आड़ावाल-तेलीमारेंगा बाईपास मार्ग से होकर आवागमन करना होगा।
हालांकि, निर्धारित मार्गों पर संचालित यात्री बसों को इस प्रतिबंध से छूट रहेगी। वहीं, आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों का आवागमन भी निर्बाध रूप से जारी रहेगा।
सड़क किनारे दुकान लगाने और अव्यवस्थित पार्किंग से बचने की अपील
त्योहारी सीजन में ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में छोटे व्यापारी फल, फूल और पूजन सामग्री बेचने के लिए शहर पहुंचते हैं। ऐसे में सड़क किनारे अस्थायी दुकानें लगने से यातायात प्रभावित होने की आशंका रहती है।
इसे देखते हुए यातायात पुलिस बस्तर ने व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और अपने वाहन सड़क किनारे या यातायात बाधित करने वाले स्थानों पर खड़े न करें।
यातायात पुलिस का उद्देश्य त्योहार के दौरान बाजारों में खरीदारी करने पहुंचने वाले नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना है। ऐसे में आम नागरिकों से अपील है कि वे जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।






