राज्य की प्रतिभाओं को मिलेगा राज्य अलंकरण सम्मान, पद्मश्री उषा बारले की पंडवानी और लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय राज्योत्सव का आज नवा रायपुर में भव्य समापन होने जा रहा है। समापन समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस खास मौके पर प्रदेश की विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को प्रतिष्ठित राज्य अलंकरण सम्मान से नवाजा जाएगा।

नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव मैदान में आयोजित इस समारोह को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। कार्यक्रम में प्रदेश की समृद्ध लोकसंस्कृति, कला और संगीत की झलक देखने को मिलेगी।
अमित शाह के दौरे में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज दोपहर विशेष विमान से रायपुर पहुंचेंगे। अपने दौरे के दौरान वे पंडरी स्थित एक निजी अस्पताल के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके पश्चात शाम को नवा रायपुर के सेक्टर-16 स्थित पीपल वन में विकसित भारत संकल्प पार्क का उद्घाटन करेंगे। यहां से वे राज्योत्सव के मुख्य समापन समारोह में पहुंचेंगे।
राज्य की विभूतियों को मिलेगा सम्मान
समापन समारोह का महत्वपूर्ण हिस्सा राज्य अलंकरण सम्मान कार्यक्रम होगा। शाम 7 बजे से 9 बजे तक आयोजित इस समारोह में साहित्य, कला, संस्कृति, खेल, समाजसेवा, विज्ञान, कृषि और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान प्रदेश की प्रतिभाओं और उनके योगदान को सम्मान देने का अवसर होगा।
अभिजीत के गीतों से सजेगी सांस्कृतिक संध्या
राज्योत्सव की अंतिम शाम संगीत प्रेमियों के लिए भी खास रहने वाली है। मुख्य मंच पर शाम 6 बजे से सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू होगा। नागपुर से आए कलाकार लोकसंगीत की प्रस्तुति देंगे। वहीं पद्मश्री उषा बारले अपनी पारंपरिक पंडवानी गायन शैली से दर्शकों को छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति से रूबरू कराएंगी।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में बॉलीवुड के लोकप्रिय गायक अभिजीत भट्टाचार्य अपनी सुरीली आवाज से समां बांधेंगे। उनके गीतों के साथ राज्योत्सव की आखिरी शाम यादगार बनने की उम्मीद है। इसके अलावा शिल्पग्राम में भी दोपहर से विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
तीन दिनों तक चली सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, विकास की झलक और छत्तीसगढ़ की गौरवशाली परंपराओं के बीच आज का समापन समारोह राज्य स्थापना दिवस के उत्सव को यादगार अंदाज में विराम देगा।






