एनएमडीसी की भर्ती में बस्तर के युवाओं को मिले प्राथमिकता, मुख्यमंत्री से मिला प्रतिनिधिमंडल

स्थानीय युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने सांसद महेश कश्यप ने उठाई मांग

बस्तर के संसाधनों से देश का विकास, रोजगार में स्थानीय युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना जरूरी : विधायक चैतराम अटामी

जगदलपुर। दंतेवाड़ा में एनएमडीसी की एल-1 एवं एल-2 भर्ती प्रक्रिया में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने और उन्हें रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने की मांग को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने बस्तर के युवाओं के रोजगार, भर्ती प्रक्रिया में उनकी सहभागिता और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित कराया।

बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि बस्तर के युवाओं को उनके ही क्षेत्र में रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। एनएमडीसी की एल-1 एवं एल-2 भर्ती सहित अन्य भर्ती प्रक्रियाओं में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता मिलनी चाहिए, ताकि उन्हें अपनी योग्यता और क्षमता के अनुरूप रोजगार प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि इस विषय को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा गया है और उम्मीद है कि स्थानीय युवाओं के हित में सकारात्मक पहल होगी।

वहीं, दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि दंतेवाड़ा सहित संपूर्ण बस्तर के युवाओं में प्रतिभा और कार्यक्षमता की कोई कमी नहीं है। जिस क्षेत्र के प्राकृतिक संसाधनों से देश के विकास को गति मिल रही है, वहां के स्थानीय युवाओं को भी रोजगार के माध्यम से विकास की मुख्यधारा से जोड़ना आवश्यक है। एनएमडीसी की एल-1 एवं एल-2 भर्ती में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देते हुए उन्हें न्यायसंगत अवसर उपलब्ध कराए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में स्थानीय युवाओं की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

इसे भी पढ़िए -   जमीनी स्तर से निखरेंगी खेल प्रतिभाएं, ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच, सरकार ने तैयार किया ग्रासरूट टैलेंट आइडेंटिफिकेशन का मास्टर प्लान

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि एनएमडीसी की भर्ती प्रक्रिया में बस्तर के स्थानीय युवाओं के हितों को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक पहल की जाए, जिससे क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें और वे बस्तर के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभा सकें।

इस अवसर पर दंतेवाड़ा जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, उपाध्यक्ष अरविन्द कुंजाम, जिला पंचायत सदस्य सोमरू कड़ती, करण तामो, राजू कड़ती, रवि नाग, सुनील मंडावी, ईश्वर कुमार, सुनील मड़ावी, सुरेश कश्यप सहित अन्य युवा साथी एवं प्रतिनिधिमंडल के सदस्य उपस्थित रहे।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *