जगदलपुर। बस्तर लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों का सांसद महेश कश्यप ने दौरा कर लगभग 75 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सड़क, पुल एवं पुलिया सहित विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होकर ग्रामीणों से संवाद भी किया।

सांसद महेश कश्यप ने धोबीगुड़ा, नलपावंड, बकावंड, सतलावंड, फरसीगांव, ढोढरेपाल एवं छोटे देवड़ा पहुंचकर आयोजित कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने सड़क, पुल एवं पुलिया निर्माण कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया। इसके साथ ही साइकिल वितरण कार्यक्रम में भी शामिल हुए।

इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी तथा ग्रामीणों को सड़क और अन्य आधारभूत सुविधाओं का लाभ मिलेगा। विकास कार्यों की सौगात मिलने पर ग्रामवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त की।
गांवों का विकास हमारी प्राथमिकता : महेश कश्यप
सांसद महेश कश्यप ने कहा कि बस्तर के गांवों का विकास केवल योजनाओं तक सीमित नहीं, बल्कि ग्रामीणों के जीवन में प्रत्यक्ष बदलाव लाना हमारा लक्ष्य है। सड़क, पुल और पुलिया जैसी सुविधाएं गांवों की प्रगति की पहली सीढ़ी हैं। लगभग 75 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि इन कार्यों से ग्रामीणों का आवागमन सुगम होगा और शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं तक उनकी पहुंच बेहतर होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बस्तर के दूरस्थ गांवों तक विकास पहुंचाने का कार्य निरंतर आगे बढ़ रहा है। हमारा संकल्प है कि बस्तर का प्रत्येक गांव विकास की मजबूत सड़क से जुड़े और हर ग्रामीण को विकास का लाभ मिले।
गांव-गांव तक पहुंच रही विकास की सौगात : वेद प्रकाश पांडे
भाजपा बस्तर जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे ने कहा कि भाजपा संगठन की प्राथमिकता सदैव गांव, गरीब और आमजन के हित में कार्य करना रही है। बस्तर के ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पुल एवं पुलिया जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार क्षेत्र के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के माध्यम से सरकार की विकास योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए निरंतर सक्रिय है। हमारा प्रयास है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और बस्तर के गांव तेजी से विकास की मुख्यधारा से जुड़ें।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी, सदस्य वनवासी मौर्य, जनपद अध्यक्ष सोनबारी भद्रे, मंडल अध्यक्ष पुरुषोत्तम जोशी, जनपद उपाध्यक्ष तरुण पांडे सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।






