ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर, मंत्री बोले—खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम
भानपुरी। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर ग्राम चपका में खेल उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला, जहां नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री श्री केदार कश्यप ने कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

खेल से निखरती है युवाओं की प्रतिभा
प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन नहीं हैं, बल्कि ये युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, साहस और टीम भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम भी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताएं स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता साबित करने और आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती हैं।

उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों से जोड़ना और उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रोत्साहित करना बेहद जरूरी है। कबड्डी जैसे पारंपरिक भारतीय खेल हमारी समृद्ध खेल संस्कृति का अभिन्न हिस्सा हैं। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण अंचलों में खेल के प्रति रुचि बढ़ती है और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिलता है।
खिलाड़ियों को दीं शुभकामनाएं
मंत्री केदार कश्यप ने सभी प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से क्षेत्र का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष संतोष बघेल, जिला पंचायत सदस्य निर्देश दीवान, प्रवीण सांखला, उमाकांत कश्यप सहित अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, ग्रामीणजन एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।






