महापौर संजय पाण्डे की पहल: मावली विदाई की रस्म तक नहीं देना होगा शुल्क, बस स्टैंड से लेकर दलपत सागर तक उपलब्ध रहेंगी सुविधाएं
जगदलपुर, 14 अक्टूबर 2026। विश्वप्रसिद्ध ऐतिहासिक बस्तर दशहरा में शामिल होने जगदलपुर पहुंच रहे हजारों श्रद्धालुओं और ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर है। नगर पालिक निगम जगदलपुर ने महापौर संजय पाण्डे के निर्देश पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शहर के 18 सार्वजनिक शौचालयों में निःशुल्क सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। इस पहल से दूर-दराज के गांवों से आने वाले श्रद्धालुओं को दैनिक निस्तार, प्रसाधन और स्नान जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए शुल्क नहीं देना पड़ेगा।

मावली विदाई तक जारी रहेगी निःशुल्क सुविधा
बस्तर दशहरा में शामिल होने के लिए ग्रामीण अंचलों और दूरस्थ क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग जगदलपुर पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने यह व्यवस्था लागू की है। महापौर संजय पाण्डे की पहल और मार्गदर्शन में शुरू की गई यह सुविधा पारंपरिक मावली विदाई की रस्म संपन्न होने तक जारी रहेगी।

नगर निगम का उद्देश्य है कि ऐतिहासिक दशहरा पर्व में शामिल होने वाले किसी भी श्रद्धालु या ग्रामीण को बुनियादी सुविधाओं के अभाव में परेशानी का सामना न करना पड़े।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तैयार होगा लोकेशन मैप
श्रद्धालुओं को सार्वजनिक शौचालयों तक आसानी से पहुंचाने के लिए नगर निगम शहर के प्रमुख स्थानों पर स्थित शौचालयों की मैपिंग भी करा रहा है। इसके तहत विस्तृत लोकेशन मैप जारी किया जाएगा, जिससे बाहर से आने वाले नागरिक अपने नजदीकी सुविधा केंद्र की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।
शहर के इन 18 स्थानों पर मिलेगी निःशुल्क सुविधा
नगर निगम द्वारा जारी सूची के अनुसार सार्वजनिक शौचालय इन स्थानों पर स्थित हैं:
महारानी अस्पताल के सामने — मोतीलाल नेहरू वार्ड-15
गीदम रोड, महात्मा स्कूल के पास, गांधीनगर — गांधीनगर वार्ड-22
मंगल भवन के पास — मदन मोहन मालवीय वार्डलालबाग — लाल बहादुर शास्त्री वार्ड-08
शहीद पार्क के पास — श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड-39इंदिरा स्टेडियम के पास — शांतिनगर वार्ड
शंकर नगर, आमागुड़ा — लाल बहादुर शास्त्री वार्ड-08लालबाग मैदान — लाल बहादुर शास्त्री वार्ड-08
एयरपोर्ट चौक — गुरु घासीदास वार्ड-28नया बस स्टैंड-1 — शांतिनगर वार्ड-25
नया बस स्टैंड, महिला शौचालय — शांतिनगर वार्ड-25
नया बस स्टैंड-2 — शांतिनगर वार्ड-25बस स्टैंड रोड, टाउन हॉल — शांतिनगर वार्ड-25
संजय बाजार सब्जी मार्केट — इंदिरा वार्ड-16
संजय बाजार मटन मार्केट — इंदिरा वार्ड-16
सिरासार चौक — सुभाष वार्ड-1
महारानी अस्पताल के पीछे, हाता ग्राउंड के पास — मोतीलाल नेहरू वार्ड-15
दलपत सागर के पास — रमैय्या वार्ड-1
जनसुविधा और स्वच्छता पर जोर
बस्तर दशहरा के दौरान शहर में श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए सार्वजनिक सुविधाओं की उपलब्धता महत्वपूर्ण हो जाती है। नगर निगम की यह पहल न केवल बाहर से आने वाले लोगों को राहत पहुंचाएगी, बल्कि पर्व के दौरान स्वच्छता और बेहतर नागरिक व्यवस्थाओं को बढ़ावा देने में भी सहायक होगी।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत उठाया गया यह कदम जनसेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। अब श्रद्धालु बस्तर दशहरा के आयोजनों में शामिल होने के साथ-साथ शहर में उपलब्ध इन सार्वजनिक सुविधाओं का निःशुल्क लाभ उठा सकेंगे।






