जगदलपुर में शराब दुकान में देर रात हंगामा-दरवाजा तोड़कर अंदर घुसा हिस्ट्रीशीटर, शराब नहीं देने पर कर्मचारियों को दी जान से मारने की धमकी; गिरफ्तार होकर पहुंचा जेल

जगदलपुर। शहर के धरमपुरा स्थित शराब दुकान में देर रात हंगामे और कर्मचारियों को धमकाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दुकान बंद होने के बाद एक व्यक्ति दरवाजे पर लात मारकर उसे तोड़ते हुए अंदर घुस गया और कर्मचारियों से शराब की मांग करने लगा। शराब देने से मना करने पर उसने गाली-गलौज करते हुए कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी। मामले में कोतवाली पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर राजा ध्रुव (34) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

दुकान बंद होने के बाद पहुंचा आरोपी

घटना 10 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। उस समय शराब दुकान बंद हो चुकी थी और मैनेजर कार्यालयीन काम कर रहा था। इसी दौरान राजा ध्रुव वहां पहुंचा। दुकान बंद होने की जानकारी देने के बावजूद वह नहीं माना और कथित तौर पर दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश कर गया। इसके बाद शराब को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि उसने मैनेजर और अन्य कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया तथा मारपीट करने पर उतारू हो गया।

शिकायत के बाद पुलिस ने की कार्रवाई

घटना के बाद दुकान के मैनेजर ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। मैनेजर और गवाहों के बयान लेने तथा अन्य साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

एसपी के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में की गई। आरोपी राजा ध्रुव तेतरखुटी क्षेत्र में पानी टंकी के पास, छत्रपति शिवाजी वार्ड क्रमांक 35 का निवासी बताया गया है। मामले में कोतवाली पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

इसे भी पढ़िए -   स्मार्ट मीटर के विरोध और बढ़े बिजली बिलों के खिलाफ कांग्रेस का व्यापक जनसंपर्क व हस्ताक्षर अभियान

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *