शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन स्वदेशी मेले का भूमिपूजन सम्पन्न, 18 अक्टूबर से लालबाग मैदान में होगा आयोजन

सांसद महेश कश्यप, महापौर संजय पाण्डेय एवं बस्तर चैम्बर अध्यक्ष श्याम सोमानी रहे उपस्थित; 17 अक्टूबर को निकलेगी ‘रन फॉर स्वदेशी’ रैली

जगदलपुर। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिवस पर जगदलपुर के लालबाग मैदान में आगामी 18 से 26 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले स्वदेशी मेले का भूमिपूजन वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ सम्पन्न हुआ। भूमिपूजन के साथ ही मेले की तैयारियों का विधिवत शुभारंभ हो गया।

इस अवसर पर बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेश कश्यप, जगदलपुर के महापौर संजय पाण्डेय, बस्तर चैम्बर के अध्यक्ष श्याम सोमानी तथा इंद्रावती प्राधिकरण के उपाध्यक्ष शरद अवस्थी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, स्वदेशी जागरण मंच के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

स्वदेशी अपनाना राष्ट्र की आर्थिक आत्मनिर्भरता का आधार : महेश कश्यप

भूमिपूजन कार्यक्रम में सांसद महेश कश्यप ने कहा कि स्वदेशी का संदेश घर-घर तक पहुंचाना आज देश की आवश्यकता है। श्रद्धेय दत्तोपंत ठेंगड़ी जी के स्वदेशी विचारों एवं प्रेरणाओं को आत्मसात करते हुए सभी को स्वदेशी के प्रति संकल्पित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वदेशी केवल भारतीय उत्पादों को अपनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र के आर्थिक स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता को सशक्त बनाने वाला व्यापक विचार है।

स्वदेशी विचारों का महाकुंभ है मेला : संजय पाण्डेय

जगदलपुर के महापौर संजय पाण्डेय ने कहा कि स्वदेशी आज देश की आवश्यकता है। स्वदेशी मेला भारतीय उत्पादों, स्थानीय उद्यमियों और स्वावलंबन की भावना को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से पूरी तन्मयता एवं समर्पण के साथ जुटकर मेले को सफल बनाने का आह्वान किया।

17 अक्टूबर को निकलेगी ‘रन फॉर स्वदेशी’

इसे भी पढ़िए -   भाजपा विधायक अजय चंद्राकर की छवि धूमिल करने का आरोप, कांग्रेस शहर अध्यक्ष के खिलाफ भाजपा ने दर्ज कराई शिकायत

रैलीमेला संयोजक किशोर पारख ने जानकारी दी कि 17 अक्टूबर को मां दंतेश्वरी मंदिर से ‘रन फॉर स्वदेशी’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से स्वदेशी उत्पादों के उपयोग, स्थानीय व्यापार और आत्मनिर्भरता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

स्थानीय व्यापार और उद्यमिता को मिलेगा प्रोत्साहन

स्वदेशी मेला भारतीय उत्पादों, स्थानीय उद्यमियों, कुटीर एवं लघु उद्योगों तथा स्वदेशी विचारधारा को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण मंच है। मेले के माध्यम से स्थानीय व्यापार, रोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग में स्वदेशी एवं स्वावलंबन के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने का प्रयास किया जाएगा।

नवरात्र के पावन अवसर पर आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वदेशी कार्यकर्ताओं एवं मातृशक्ति की सहभागिता रही। उपस्थित जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने बस्तर क्षेत्र में स्वदेशी, स्वावलंबन एवं स्थानीय उद्यमिता को नई दिशा देने तथा स्वदेशी के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में ये प्रमुख पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रहे उपस्थित

स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत संपर्क प्रमुख सुब्रत चाकी, बस्तर संभाग संयोजक डॉ. राम राकेश जांगिड़, सह संयोजक अनिल लुंकड़, लक्ष्मण झा, संग्राम सिंह राणा, प्रांत पत्रिका प्रमुख जी.आर. जगत, विधुशेखर, रोहित बैस, धीरज कश्यप, सुलता महाराणा, मनीष अहीर, रामनरेश पाण्डेय, जयेश पांचाल, भावेश सुरेश गुप्ता, संतोष गोड़, श्याम सुंदर भगेल, कुबेर देवांगन, कलावती केशर, राजपाल केशर, संतोष त्रिपाठी, आशुतोष पाल, शीशीनाथ पाठक एवं पारिश राम बेशरा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

जय स्वदेशी – जय जय स्वदेशी।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *