बस्तर में अपने दम पर तैयार हो रही ‘वेटलिफ्टिंग की नई पौध’, महापौर संजय पांडे ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला

प्रशिक्षक पूर्णिमा ठाकुर और विनायक बेहरा के मार्गदर्शन में खिलाड़ी बहा रहे पसीना, कांकेर की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दिखाएंगे दमखम

जगदलपुर। सीमित संसाधनों के बावजूद यदि हौसला और मेहनत हो तो प्रतिभा को आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता। इसकी मिसाल बस्तर में देखने को मिल रही है, जहां प्रशिक्षक पूर्णिमा ठाकुर और विनायक बेहरा अपने निजी संसाधनों और प्रयासों से शहर के लालबाग स्थित प्रशिक्षण स्थल पर युवा खिलाड़ियों को भारोत्तोलन की बारीकियां सिखाकर उन्हें प्रतियोगिताओं के लिए तैयार कर रहे हैं।

इन प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में तैयार हो रहे युवा वेटलिफ्टर अब राज्य स्तर पर बस्तर का प्रतिनिधित्व करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। नियमित अभ्यास, अनुशासन और कड़ी मेहनत के दम पर खिलाड़ी अपनी तकनीक और शारीरिक क्षमता को निखार रहे हैं।

प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में वैष्णवी प्रजापति, लक्षश्री साहू, दुर्गम्या यादव, जाहनवी बघेल, मान्यता बहरा, अमन साहू, रौनक साहू, ऋषभ ठाकुर, सत्यम मिश्रा और कोमल देव सरोज नियमित रूप से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। ये सभी खिलाड़ी आगामी राज्य स्तरीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता में बस्तर का प्रतिनिधित्व करेंगे।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 11, 12 और 13 सितंबर 2026 को न्यू बस स्टैंड, मिनी स्टेडियम, कांकेर में किया जाएगा। प्रतियोगिता में सब-जूनियर बालक-बालिका सहित विभिन्न निर्धारित आयु एवं वर्गों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

खिलाड़ियों से मिले महापौर, बढ़ाया हौसला

शनिवार को महापौर संजय पांडे लालबाग स्थित प्रशिक्षण स्थल पहुंचे और वहां अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों से मुलाकात की। उन्होंने खिलाड़ियों से उनकी प्रशिक्षण व्यवस्था और आगामी प्रतियोगिता की तैयारियों के संबंध में जानकारी ली तथा उनका उत्साहवर्धन किया।

इसे भी पढ़िए -   शहीद महेंद्र कर्मा की जयंती पर एनएसयूआई ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

महापौर ने खिलाड़ियों से कहा कि प्रतियोगिता के दौरान आत्मविश्वास, अनुशासन और निरंतर अभ्यास को अपनी सबसे बड़ी ताकत बनाएं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे पूरी मेहनत और लगन के साथ मैदान में उतरें और अपने प्रदर्शन से बस्तर का नाम रोशन करें।

‘प्रतिभा को मंच देना हम सभी की जिम्मेदारी

’महापौर संजय पांडे ने कहा कि बस्तर में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है तो उन्हें सही मार्गदर्शन, बेहतर प्रशिक्षण और उचित अवसर उपलब्ध कराने की। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद पूर्णिमा ठाकुर और विनायक बेहरा जिस समर्पण के साथ खिलाड़ियों को तैयार कर रहे हैं, वह सराहनीय और प्रेरणादायी है।

उन्होंने कहा कि कई बार प्रतिभावान खिलाड़ी पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिलने के कारण आगे नहीं बढ़ पाते। ऐसे में निजी स्तर पर प्रशिक्षकों द्वारा किया जा रहा यह प्रयास बेहद महत्वपूर्ण है। इन खिलाड़ियों की मेहनत केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बस्तर के अन्य बच्चों को भी खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

महापौर ने कहा कि नगर निगम स्तर पर खिलाड़ियों और खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए जो भी संभव सहयोग होगा, उसे उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने प्रशिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि वे प्रतियोगिता में परिणाम की चिंता किए बिना अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें, क्योंकि निरंतर मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास ही सफलता की मजबूत नींव हैं।

इसे भी पढ़िए -   सर्पदंश एवं मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए अस्पतालों में दवाइयों की उपलब्धता करें सुनिश्चित- कलेक्टर श्री आकाश छिकारा

कांकेर में दिखेगा बस्तर के खिलाड़ियों का दम

अब कांकेर में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बस्तर के ये युवा खिलाड़ी अपनी ताकत, तकनीक और मेहनत का प्रदर्शन करेंगे। खिलाड़ियों की लगातार चल रही तैयारी को देखते हुए प्रशिक्षकों और खेलप्रेमियों को उनसे शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है। सीमित संसाधनों के बीच तैयार हो रही यह नई खेल प्रतिभा आने वाले समय में बस्तर को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने की उम्मीद जगाती है।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *