सर्वधर्म प्रार्थना से सामाजिक सद्भाव, एकता और भाईचारे का संदेश,तोकापाल में जिला स्तरीय आयोजन, स्काउट-गाइड एवं विद्यार्थियों ने लिया सहभागिता

जगदलपुर। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ बस्तर के सौजन्य से शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल तोकापाल में जिला स्तरीय सर्वधर्म प्रार्थना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न धर्मों की प्रार्थनाओं के माध्यम से शांति, सद्भाव, आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश दिया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में स्काउट-गाइड, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रामवती भंडारी रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ बस्तर के जिला मुख्य आयुक्त सुरेश गुप्ता ने की। विशेष अतिथि के रूप में जनपद उपाध्यक्ष रितेश जोशी, स्काउट-गाइड आजीवन सदस्य रोशन झा, परमेश राजा, गाइड कमिश्नर समिति श्रीमती सुधा परमार, पूर्व डीओसी महेश देवांगन, जिला मुख्यालय आयुक्त मनोज महापात्र सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जिला मुख्य आयुक्त सुरेश गुप्ता ने सर्वधर्म प्रार्थना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत की सबसे बड़ी शक्ति उसकी विविधता में एकता है। अलग-अलग धर्म, पंथ, भाषा और संस्कृति होने के बावजूद हम सभी एक राष्ट्र और एक समाज का हिस्सा हैं। सर्वधर्म प्रार्थना हमें यह संदेश देती है कि पूजा-पद्धतियां अलग हो सकती हैं, लेकिन सभी धर्म मानवता, प्रेम, सेवा, सत्य और शांति का मार्ग दिखाते हैं।

उन्होंने कहा कि स्काउटिंग केवल अनुशासन और प्रशिक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि अच्छे नागरिक के निर्माण का आंदोलन है। स्काउट-गाइड को जाति, धर्म और भेदभाव से ऊपर उठकर मानव सेवा, राष्ट्र सेवा और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की सीख दी जाती है।

सुरेश गुप्ता ने कहा कि आज आवश्यकता है कि बच्चों में बचपन से ही एक-दूसरे के धर्म और आस्था का सम्मान करने, जरूरतमंदों की सहायता करने तथा समाज में भाईचारे की भावना को मजबूत करने के संस्कार विकसित किए जाएं। सर्वधर्म प्रार्थना जैसे आयोजन विद्यार्थियों के मन में सहिष्णुता, करुणा, अनुशासन, सेवा और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इसे भी पढ़िए -   श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने प्रदेशवासियों एवं यादव समाज को दी शुभकामनाएं

उन्होंने कहा कि जब नई पीढ़ी एक-दूसरे की भावनाओं और परंपराओं का सम्मान करना सीखेगी, तभी एक मजबूत, शांतिपूर्ण और समरस समाज का निर्माण होगा। भारत की संस्कृति हमें सदैव ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ की भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।

उन्होंने उपस्थित छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि वे अपने विद्यालय, परिवार और समाज में प्रेम एवं सद्भाव का वातावरण बनाने में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि धर्म हमें जोड़ने का माध्यम बने, विभाजन का नहीं; सेवा हमारा संस्कार बने और राष्ट्रहित हमारा सर्वोच्च दायित्व।

कार्यक्रम का संचालन गोपेंद्र शार्दुल ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जिला प्रशिक्षण आयुक्त जयप्रकाश पाठक ने किया। विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में सहभागिता की। स्काउट-गाइड पदाधिकारियों एवं प्रशिक्षकों ने भी आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम में गाइडर बहनों श्रीमती बृजेश्वरी पोद्दार, श्रीमती इंदु टेकाम, श्रीमती गेंद कुमारी तिवारी, श्रीमती भक्ति कश्यप, श्रीमती दीपा ठाकुर, श्रीमती कंचन विश्वकर्मा, श्रीमती दीप्ति बारले, तनुल गुप्ता, नीरज मरावी, रामदास कुंजाम, उत्तम साहू, कृष्णा मौर्य सहित जिले के अनेक स्काउट-गाइड साथी उपस्थित रहे।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *