दलपत सागर की सफाई पर अब रहेगी कड़ी निगरानी, ₹49.95 लाख के कार्यों के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित

महापौर संजय पांडे की पहल पर कलेक्टर ने गठित की निगरानी समिति, प्रशासन से लेकर पर्यावरण विशेषज्ञ और जनप्रतिनिधि तक शामिल

जगदलपुर। शहर की पहचान और ऐतिहासिक जलस्रोत दलपत सागर को जलकुंभी मुक्त करने के अभियान को अब निगरानी और जवाबदेही का मजबूत तंत्र मिल गया है। दलपत सागर की सफाई एवं जलकुंभी निष्कासन के लिए सीएसआर मद से उपलब्ध ₹49.95 लाख की राशि से होने वाले कार्यों की सतत निगरानी के लिए महापौर और महापौर परिषद की मांग पर जिला प्रशासन ने उच्च स्तरीय निगरानी समिति का गठन किया है।

इस निगरानी व्यवस्था के गठन की पहल महापौर संजय पांडे द्वारा की गई थी। महापौर ने कलेक्टर आकाश छिकारा से मुलाकात कर दलपत सागर की स्वच्छता एवं जलकुंभी निष्कासन कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए निगरानी समिति गठित करने की सिफारिश की थी। इसके बाद जिला प्रशासन ने विभिन्न विभागों, जनप्रतिनिधियों, पर्यावरण विशेषज्ञों, मीडिया और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को शामिल करते हुए समिति का गठन किया है।

मौके पर पहुंचकर होगी कार्यों की निगरानीगठित समिति समय-समय पर दलपत सागर पहुंचकर सफाई कार्यों की प्रगति, जलकुंभी निष्कासन, कार्य की गुणवत्ता और वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करेगी। समिति का मुख्य उद्देश्य कार्यों का सतत अनुश्रवण, पारदर्शी क्रियान्वयन और जवाबदेही सुनिश्चित करना है।

प्रशासन से लेकर पर्यावरण विशेषज्ञ तक समिति में शामिल

जिला प्रशासन द्वारा गठित समिति में अपर कलेक्टर, डीएसपी चन्द्रहास सिन्हा, नगर निगम आयुक्त द्वारा नामित प्रतिनिधि, स्वच्छता समिति अध्यक्ष लक्ष्मण झा, पार्षद राकेश मौर्य, पार्षद कुबेर देवांगन, पार्षद पारुल बोथरा, एनएमडीसी एजीएम विनोद पाण्डे, मीडिया प्रतिनिधि मनीष गुप्ता, इंद्रावती बचाओ अभियान/दलपत सागर बचाओ समिति के प्रतिनिधि किशोर पारख, पर्यावरण विशेषज्ञ एवं उद्यानिकी कॉलेज के डीन जीपी नाग, नगर निगम आयुक्त तथा बस्तर चैंबर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष श्याम सोमानी को शामिल किया गया है।

इसे भी पढ़िए -   बस्तर सांसद महेश कश्यप ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी से की मुलाकात,बस्तर संभाग के केंद्रीय विद्यालयों में स्थायी भवन,स्मार्ट क्लास व रिक्त पदों की पूर्ति की मांग रखी

महापौर बोले—सफाई के साथ पारदर्शिता भी जरूरी

महापौर संजय पांडे ने निगरानी समिति के सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और समिति के गठन के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

महापौर ने कहा कि समिति में जनप्रतिनिधियों, पर्यावरण विशेषज्ञों, गणमान्य नागरिकों, कांग्रेस एवं निर्दलीय पार्षदों, प्रशासन, एनएमडीसी तथा सामाजिक क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है। इससे दलपत सागर की सफाई और संरक्षण से जुड़े कार्यों की निगरानी में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित होगी।

उन्होंने कहा कि दलपत सागर केवल नगर निगम की संपत्ति नहीं, बल्कि पूरे शहर की पहचान और ऐतिहासिक धरोहर है। इसे जलकुंभी मुक्त करना सामूहिक जिम्मेदारी है

महापौर ने कहा, “दलपत सागर को पूरी तरह जलकुंभी मुक्त कर स्वच्छ और सुंदर स्वरूप देना हमारा लक्ष्य है। इसके साथ ही सफाई कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना भी हमारी प्राथमिकता है। स्वीकृत राशि का निर्धारित उद्देश्य के अनुरूप उपयोग हो और कार्य की वास्तविक प्रगति धरातल पर दिखाई दे, इसके लिए निगरानी समिति महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

”उन्होंने कहा कि समिति के नियमित निरीक्षण से सफाई कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति पर लगातार नजर रखी जा सकेगी। दलपत सागर का अभियान अब सिर्फ जलकुंभी हटाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसके संरक्षण, स्वच्छता और बेहतर प्रबंधन की दिशा में भी आगे बढ़ेगा।

BMN – BASTAR MATI NEWS

सबको सबकी ख़बर, गलतफ़हमी की कोई जगह नहीं।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *