बिलासपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष को लेकर चल रही अटकलों पर अब विराम लगता नजर आ रहा है। कांग्रेस के छत्तीसगढ़ सह प्रभारी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव विजय जांगिड़ ने स्पष्ट किया है कि दीपक बैज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बने रहेंगे और आगामी विधानसभा चुनाव उनके नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा।

बिलासपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित संगठनात्मक बैठक के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए विजय जांगिड़ ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को बदले जाने की चर्चाओं को लेकर कहा कि पार्टी हाईकमान में प्रदेश अध्यक्ष बदलने को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि दीपक बैज ही प्रदेश कांग्रेस की कमान संभालते रहेंगे और आगामी विधानसभा चुनाव उनके नेतृत्व में लड़ा जाएगा।
महंगाई को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना
पत्रकारों से बातचीत के दौरान विजय जांगिड़ ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर भी विभिन्न मुद्दों को लेकर निशाना साधा। महंगाई के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में जनता की सेवा करना चाहती है तो उसे सबसे पहले महंगाई पर नियंत्रण करना चाहिए।
जांगिड़ ने कहा कि आम जनता के लिए महंगाई से राहत ही सबसे बड़ी सेवा होगी। उन्होंने सरकार से महंगाई को नियंत्रित करने की दिशा में ठोस कदम उठाने की बात कही।कांग्रेस नेता का यह बयान ऐसे समय आया है, जब प्रदेश कांग्रेस संगठन में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर राजनीतिक चर्चाएं लगातार सामने आ रही थीं। विजय जांगिड़ के बयान के बाद फिलहाल इन अटकलों पर पार्टी की ओर से स्थिति स्पष्ट होती दिखाई दे रही है।






