स्कूली बच्चों ने रंगों से कैनवास पर उकेरा ‘मेरे सपनों का भारत’, महापौर संजय पांडे ने बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की, कहा—बच्चों की सकारात्मक सोच ही विकसित भारत की मजबूत नींव

जगदलपुर। शिक्षा विभाग द्वारा संचालित ‘सेवा संकल्प कार्यक्रम’ के अंतर्गत शुक्रवार को विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा, कल्पनाशक्ति और राष्ट्रप्रेम को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए अपनी कल्पनाओं को रंगों के माध्यम से कैनवास पर जीवंत किया।

प्रतियोगिता के दौरान नन्हे कलाकारों ने तूलिका और रंगों के जरिए भविष्य के आत्मनिर्भर, विकसित और सशक्त भारत की परिकल्पना को खूबसूरती से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की कलाकृतियों में स्वच्छ भारत, हरित पर्यावरण, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, महिला सशक्तिकरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सामाजिक समरसता जैसे महत्वपूर्ण विषय प्रमुखता से नजर आए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जगदलपुर महापौर श्री संजय पांडे ने स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट विद्यालय, जगदलपुर में विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों की रचनात्मकता और प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की कल्पनाशीलता और सकारात्मक सोच ही भविष्य के समृद्ध भारत की मजबूत नींव है।

महापौर ने विद्यार्थियों को केवल औपचारिक शिक्षा तक सीमित न रहते हुए कला, साहित्य और अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां बच्चों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उनमें सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को भी मजबूत करती हैं।

कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी श्री बलिराम बघेल, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री अनिल दास एवं खंड स्रोत समन्वयक श्री राजेंद्र ठाकुर सहित दोनों शालाओं के प्राचार्य, शिक्षक, संकुल समन्वयक, स्थानीय पार्षद एवं वरिष्ठ जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों की कलाकृतियों और प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी अपनी प्रतिभा को निखारने तथा एक सजग, जिम्मेदार एवं संवेदनशील नागरिक के रूप में राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

इसे भी पढ़िए -   आस्था के धाम माँ दंतेश्वरी के चरणों में सांसद महेश कश्यप ने परिवार संग की पूजा-अर्चना माँ दंतेश्वरी से बस्तर की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *