प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सेवा भाव को समर्पित बस्तर में महीनेभर चलेंगे जनकल्याणकारी कार्यक्रम

सवा लाख दीपों से होगा सेवा संकल्प अभियान का भव्य आगाज, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे विविध आयोजन

कलेक्टोरेट के प्रेरणा कक्ष में बैठक, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने तैयारियों को लेकर की विस्तृत चर्चा

जगदलपुर। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के राष्ट्रसेवा, सुशासन और समर्पण भाव को समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाने के उद्देश्य से बस्तर जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का व्यापक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान को भव्य और प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कलेक्टोरेट के प्रेरणा कक्ष में आयोजित समन्वय बैठक में अभियान की रूपरेखा, कार्यक्रमों और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर को भव्य दीपोत्सव के साथ होगा। अन्य संभाग मुख्यालयों में 51 हजार दीप प्रज्वलित करने के लक्ष्य की तुलना में जगदलपुर में प्रदेश का सर्वाधिक सवा लाख दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। शाम 7 बजे ऐतिहासिक सिरहासार चौक पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत दीपोत्सव आयोजित होगा।

इसके साथ ही झीरम मेमोरियल, पुनर्वास केंद्र, सुरक्षा बलों के कैंप, थानों तथा अमर शहीद वीर गुंडाधूर और झाड़ा सिरहा की जन्मस्थली सहित जिले के 25 चयनित गांवों के प्रत्येक घर में दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। राष्ट्रभक्ति और नक्सल मुक्त बस्तर के संदेश को केंद्र में रखते हुए सिरहासार क्षेत्र में भारत के मानचित्र एवं ‘नक्सल मुक्त बस्तर’ की थीम पर विशाल रंगोली भी बनाई जाएगी।

सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ दिवस पर सामाजिक सरोकार और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी पहल की जाएगी। तोकापाल विकासखंड के परपा में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 760 पौधों का रोपण किया जाएगा। वहीं महारानी अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे।

इसे भी पढ़िए -   10 अगस्त तक सात सूत्रीय समझौते का पालन नहीं हुआ तो बस्तर में शुरू होगा 'काम रोको अभियान' : नवनीत चाँद

महीनेभर शिक्षा, स्वास्थ्य और जनसरोकार से जुड़े कार्यक्रम

एक माह तक चलने वाले इस अभियान के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण और जनसरोकार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बच्चों और युवाओं में रचनात्मक चेतना को बढ़ावा देने के लिए स्कूल एवं कॉलेजों में ‘बच्चों के सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। ये प्रतियोगिताएं संकुल स्तर से शुरू होकर जिला स्तर तक पहुंचेंगी।

महाविद्यालयीन छात्रों द्वारा ‘नमो सेवा गाथा’ विषय पर नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया जाएगा। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन का उत्सव’ आयोजित किया जाएगा, जिसके अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण माह, आंगनबाड़ी सम्मान और स्वास्थ्य संवाद सत्र होंगे।

बस्तर में हो रहे सकारात्मक बदलाव और विकास का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए साइकिल एवं बाइक रैलियां आयोजित की जाएंगी। वहीं मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के नवीन रूटों पर ‘आभार यात्रा’ भी निकाली जाएगी।

25 दिनों तक चलेगा स्वच्छता और श्रमदान अभियानकलेक्टर आकाश छिकारा ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने ‘कहानी बदलाव की’ श्रृंखला के माध्यम से सरकारी योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों की प्रेरक कहानियों को सोशल मीडिया के माध्यम से साझा करने पर जोर दिया।

पर्यावरण संरक्षण के तहत 25 दिनों तक सार्वजनिक स्थलों, नदी घाटों, पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान और श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं 16 अक्टूबर को जिला स्तरीय शिविर आयोजित कर आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रयास किया जाएगा।

सामूहिक भागीदारी से बनेगा सेवा का महा-अभियानमहापौर श्री संजय पाण्डे एवं पूर्व विधायक डॉ. सुभाऊ कश्यप ने समाज के सभी वर्गों, व्यापारिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और मीडिया से अपील की कि वे बस्तर के उत्साह, सामूहिकता और विकास के इस महा-अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाएं।

इसे भी पढ़िए -   रक्षाबंधन पर पूर्व विधायक संतोष बाफना के निवास पहुंचीं भाजपा महिला मोर्चा की बहनें, बांधा रक्षा सूत्र

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप, नगर निगम सभापति श्री खेमसिंह देवांगन, वनमंडलाधिकारी श्री दीपेश कपिल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री तन्मय खन्ना, अपर कलेक्टर श्री सीपी बघेल, सहायक कलेक्टर श्री यशवंत नायक सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *