जगदलपुर में नशीली दवाओं के सौदागरों पर बोधघाट पुलिस का शिकंजा: 1.80 लाख की 450 अल्प्राजोलम टेबलेट के साथ युवक गिरफ्तार

बोधघाट पुलिस ने शहर में अवैध नशीली दवाओं की तस्करी और बिक्री करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बोधघाट थाना पुलिस ने गंगामुंडा तालाब चौपाटी के पास घेराबंदी कर एक युवक को 450 नग अवैध प्रतिबंधित अल्प्राजोलम (Alprazolam) टेबलेट के साथ रंगे हाथों दबोचा। जब्त गोलियों की अनुमानित बाजारू कीमत करीब 1.80 लाख रुपये आंकी गई है।

चौपाटी पर ग्राहक का कर रहा था इंतजार

एसपी शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार सुबह बोधघाट पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि एक दुबला-पतला युवक काले रंग की टी-शर्ट और नीली जींस पहने पीले रंग के कैरी बैग में नशीली गोलियां रखकर गंगामुंडा तालाब स्थित चौपाटी पर ग्राहक तलाश रहा है।

सूचना मिलते ही सीएसपी सुमित कुमार के पर्यवेक्षण और थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई। पुलिस ने घेराबंदी कर हुलिए के आधार पर संदिग्ध को हिरासत में लिया।

तलाशी में मिला 30 पत्ता अल्प्राजोलम का जखीरा

पूछताछ में संदेही ने अपना नाम राहुल मंडावी (24 वर्ष), पिता स्व. अंशु मंडावी, निवासी सरदार वल्लभ भाई पटेल वार्ड, जगदलपुर बताया। तलाशी लेने पर उसके पीले कैरी बैग से अल्प्राजोलम की कुल 30 स्ट्रिप (450 टेबलेट) बरामद हुईं। दवाओं के भंडारण या परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगने पर वह कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका।

एनडीपीएस एक्ट के तहत भेजा गया जेल

पुलिस ने प्रतिबंधित दवाओं को विधिवत जब्त कर आरोपी के खिलाफ नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट की धारा 21(B) के तहत मामला दर्ज किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जगदलपुर स्थित विशेष एनडीपीएस न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इसे भी पढ़िए -   प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सेवा भाव को समर्पित बस्तर में महीनेभर चलेंगे जनकल्याणकारी कार्यक्रम

कार्रवाई में ये रहे शामिल: इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक टामेश्वर चौहान, उपनिरीक्षक लोकेश्वर नाग, परिवीक्षाधीन उपनिरीक्षक अपसना, सहायक उपनिरीक्षक दिनेश उसेंडी, प्रधान आरक्षक अहिलेश नाग, सुनील मनहर, प्रकाश मनहर तथा आरक्षक बामन सेन, युवराज ठाकुर एवं परमानंद भोयर की सक्रिय भूमिका रही।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *