शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने सादगीपूर्ण मनाई स्व. राजीव गांधी की जयंती, पुष्पांजलि अर्पित कर किया नमन

जगदलपुर। संभाग मुख्यालय स्थित राजीव भवन में आज बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य के निर्देश पर कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, आधुनिक भारत के निर्माता एवं भारत रत्न स्व. राजीव गांधी की जयंती सादगीपूर्ण ढंग से मनाई। इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने उनके तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया।

इस दौरान उपस्थित कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने स्व. राजीव गांधी के आदर्शों और विचारों पर चलने का संकल्प लिया।

पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने स्व. राजीव गांधी के जीवन एवं राजनीतिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने देश को आधुनिक एवं तकनीकी रूप से सक्षम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया। युवाओं को देश की शक्ति मानते हुए उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान किए। संचार क्रांति, कंप्यूटर एवं सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उनके दूरदर्शी निर्णयों ने भारत के विकास की नई नींव रखी। पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त करने तथा युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने की दिशा में भी उनका योगदान महत्वपूर्ण रहा।

उन्होंने कहा कि राजीव गांधी की जयंती केवल उन्हें स्मरण करने का अवसर नहीं, बल्कि उनके आधुनिक, प्रगतिशील और समावेशी भारत के सपने को आगे बढ़ाने का संकल्प लेने का दिन है। कांग्रेसजन उनके विचारों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।

नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने कहा कि स्व. राजीव गांधी का जीवन देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए समर्पित रहा। उन्होंने बदलते समय की आवश्यकताओं को समझते हुए भारत को 21वीं सदी की ओर ले जाने का सपना देखा और उसे साकार करने के लिए अनेक ऐतिहासिक पहल कीं। आज देश में तकनीक और डिजिटल क्षेत्र में जो व्यापक बदलाव दिखाई देता है, उसकी मजबूत नींव राजीव गांधी के कार्यकाल में रखी गई थी।

इसे भी पढ़िए -   भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक जगदलपुर श्री किरण सिंह देव ने पाट जात्रा एवं हरेली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की है।

इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष बलराम यादव, सूर्यापानी, महामंत्री अभिषेक नायडू, नीतीश शर्मा, मंडल अध्यक्ष वेंकट राव, भूवन झा, महेश ठाकुर, सलीम जाफर अली, मोहसिन खान, शेख अयाज, पार्षद रामकृष्ण तिवारी, खीरेंद्र यादव सहित महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *