भारत मंडपम में आयोजित भव्य तिरंगा बाइक रैली में सांसद महेश कश्यप और भोजराज नाग ने की सहभागिता
जगदलपुर। नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत भव्य तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बस्तर लोकसभा सांसद महेश कश्यप और कांकेर लोकसभा सांसद भोजराज नाग ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने रैली को हरी झंडी दिखाकर किया। तिरंगे के साथ सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब देश की एकता, अखंडता, गौरव और राष्ट्रप्रेम की जीवंत अभिव्यक्ति बना। प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारों और तिरंगे के सम्मान के साथ पूरे उत्साह से रैली में भाग लिया।

इस अवसर पर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशवासियों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, गौरव और देशभक्ति की भावना को और अधिक सशक्त करता है। यह अभियान राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति प्रत्येक नागरिक की प्रतिबद्धता को मजबूत करने का माध्यम है।
उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल हमारे देश की पहचान नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की एकता, त्याग, संघर्ष और गौरव का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से देश के प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक होने का अवसर मिलता है।
सांसद महेश कश्यप ने देशवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।





