शिव भैरव सेवा समिति ने धूमधाम से मनाया स्वतंत्रता दिवस, वरिष्ठ नागरिकों का किया सम्मान

जगदलपुर। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर शिव भैरव सेवा समिति द्वारा आयोजित समारोह देशभक्ति, संस्कृति और सामाजिक सम्मान का सुंदर संगम रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ वार्ड के वरिष्ठ एवं पूर्व उत्कल समाज अध्यक्ष उमाकांत दास द्वारा गरिमापूर्ण ध्वजारोहण के साथ हुआ।

समारोह में प्रातः बच्चों ने देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। वहीं संध्या के कार्यक्रम में शहर के नामचीन कलाकारों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत शानदार प्रस्तुतियां दीं, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुकमा जमींदार परिवार के कुमार जयदेव रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में एमआईसी सदस्य निर्मल पानीग्राही, त्रिवेणी रंधारी एवं कुबेर देवांगन उपस्थित रहे।

समारोह में प्रतिभागी बच्चों एवं कलाकारों को मुख्य अतिथि और अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया गया। इसके साथ ही वार्ड के वरिष्ठ नागरिकों का नागरिक अभिनंदन करते हुए उन्हें शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान उनके सामाजिक योगदान, अनुभव और सेवाओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का विशेष अवसर रहा।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर आयोजकों द्वारा मुख्य अतिथि कुमार जयदेव को मोमेंटो एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कलाकारों ने भी समिति द्वारा किए गए आयोजन एवं सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया।

समारोह को सफल बनाने में शिव भैरव सेवा समिति के असीम दास, मथुरा प्रसाद तिवारी, रमेश पानीग्राही, नरसिंह तिवारी, सुरेश दास, आनंद मिश्रा एवं उत्कल समाज के सचिव सुमीत महापात्र का विशेष योगदान रहा। समिति के सदस्यों की मेहनत और समर्पण से स्वतंत्रता दिवस का यह आयोजन यादगार बन गया।

इसे भी पढ़िए -   प्रयोगशाला परिचारक भर्ती परीक्षा 26 जुलाई को जगदलपुर के 13 परीक्षा केंद्रों पर 4,223 अभ्यर्थी होंगे शामिल, कड़े सुरक्षा प्रबंध और ड्रेस कोड लागू

समारोह ने जहां बच्चों और कलाकारों की प्रतिभा को मंच प्रदान किया, वहीं वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान के माध्यम से समाज में संस्कार, संस्कृति, देशभक्ति और आपसी सद्भाव का संदेश भी दिया।

मुख्य अतिथि कुमार जयदेव ने साझा की शिव भैरव वार्ड से जुड़ी स्मृतियां

मुख्य अतिथि कुमार जयदेव ने शिव भैरव वार्ड के निवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए वार्ड के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध परंपरा और विरासत का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि शिव भैरव वार्ड और यहां के लोगों से उनके परिवार का संबंध पुराना और आत्मीय रहा है। अपने बचपन की स्मृतियों को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि वार्ड के लोगों से मिला स्नेह और अपनत्व उनके परिवार के लिए हमेशा विशेष रहा है।

कुमार जयदेव ने अपने छोटे भाई एवं प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के दिल्ली में दुर्घटना के बाद चल रहे उपचार का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में भी शिव भैरव वार्ड के लोगों का स्नेह और आशीर्वाद उनके परिवार के साथ बना हुआ है। उन्होंने वार्डवासियों के आत्मीय संबंध और शुभकामनाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने शिव भैरव वार्ड की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रियासत काल में इस क्षेत्र से जुड़े अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। राजगुरु, राजपुरोहित, राजवैद्य, राजज्योतिषी, दीवान सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहे लोगों के योगदान को स्मरण करते हुए उन्होंने कहा कि इन विभूतियों की भूमिका क्षेत्र के इतिहास और सामाजिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण रही है।

कुमार जयदेव ने कहा कि शिव भैरव वार्ड केवल एक स्थान नहीं, बल्कि इतिहास, परंपरा, संस्कृति और समृद्ध विरासत को अपने भीतर संजोए हुए क्षेत्र है। यहां के लोगों की सामाजिक एवं सांस्कृतिक भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है। इस गौरवशाली विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।

इसे भी पढ़िए -   'रैंप' योजना के तहत उद्यमियों और स्व-सहायता समूहों को मिला डिजिटल प्रशिक्षण

उनके संबोधन ने समारोह में उपस्थित लोगों को अपने क्षेत्र के इतिहास और पूर्वजों के योगदान से परिचित कराया तथा अपनी समृद्ध विरासत के प्रति गौरव की भावना को और मजबूत किया।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *