श्रद्धालुओं की आस्था सर्वोपरि: सांसद महेश कश्यप
जगदलपुर, 03 अगस्त 2026। सावन माह के प्रथम सोमवार के अवसर पर बस्तर लोकसभा सांसद महेश कश्यप की पहल पर संभाग मुख्यालय जगदलपुर के ऐतिहासिक दलपत सागर स्थित प्राचीन भूपालेश्वर शिव मंदिर तक श्रद्धालुओं के लिए विशेष मोटरबोट सेवा का संचालन सुबह 8:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक किया गया। इस व्यवस्था के माध्यम से हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना की तथा पुण्य लाभ प्राप्त किया।

श्रद्धालुओं एवं गौ सेवकों की मांग पर सांसद महेश कश्यप ने सावन माह के प्रत्येक सोमवार को मोटरबोट सेवा की व्यवस्था सुनिश्चित कराई है, जिससे बड़ी संख्या में शिवभक्तों को मंदिर पहुंचकर भगवान शिव के दर्शन एवं पूजन का अवसर मिल सकेगा।

सांसद महेश कश्यप ने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था सर्वोपरि है। सावन के पावन माह में अधिक से अधिक शिवभक्तों को भगवान भोलेनाथ के सहज दर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक आस्था का सम्मान करना उनकी प्राथमिकता है।

गौ सेवक रोहन कुमार ने बताया कि दलपत सागर छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े ऐतिहासिक तालाबों में से एक है, जिसका निर्माण काकतीय वंश के शासक दलपत देव द्वारा कराया गया था। वहीं, काकतीय शासक भूपाल देव ने तालाब के मध्य स्थित प्राचीन शिव मंदिर का निर्माण कर शिवलिंग की स्थापना कराई थी। लगभग 300 वर्ष पुराने इस मंदिर को भूपालेश्वर महादेव मंदिर के नाम से जाना जाता है। महाशिवरात्रि को छोड़ सामान्य दिनों में यह मंदिर श्रद्धालुओं की पहुंच से दूर रहता है।

इस अवसर पर अनिल अग्रवाल, नरेश कोरी, रोहन कुमार, देवेंद्र कश्यप, तमिश नायडू, रवि नेताम, अजय यादव, जशवंत जोशी, भवानी चौहान, इन्द्र टेमरे, रोहन सेठिया सहित बड़ी संख्या में शिवभक्त एवं गौ सेवक उपस्थित रहे।






